पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई पत्नी के सामने पति की गोली मारकर हत्या, प्रेम विवाह से नाराज भाई पर आरोप

0

पति को बचाने की गुहार लगाती रही पत्नी, भाई ने सिर में मार दी गोली

NEWS1UP

संवाददाता

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से मंगलवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई युवती के सामने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप युवती के सगे भाई पर लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज लेकर आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कार से वापस घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंच गया और उनकी कार रुकवा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंजीत ने अपनी बहन से उसके साथ घर चलने को कहा, लेकिन आकांक्षा ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद मंजीत और शिव कुमार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित रूप से शिव कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही शिव कुमार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

चार महीने पहले की थी प्रेम विवाह

मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था। परिवार इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। आकांक्षा का आरोप है कि इसी रंजिश और नाराजगी के चलते उसके भाई ने उसके पति की हत्या कर दी।

मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी दावा किया कि परिवार प्रेम विवाह से खुश नहीं था और लंबे समय से दोनों को लेकर तनाव बना हुआ था।

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!