गुरुग्राम में भारी बारिश का असर: 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी
Ai image
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गुरुग्राम। लगातार हो रही भारी बारिश और शहरभर में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने 25 अगस्त के लिए सरकारी और निजी संस्थानों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) अपनाने की एडवाइजरी जारी की है। जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने कर्मचारियों से घर से काम करने की अपील की है ताकि ट्रैफिक जाम और आवागमन की परेशानियों को कम किया जा सके।

जलभराव और ट्रैफिक बना बड़ी वजह
सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। प्रमुख मार्गों पर घंटों लंबा जाम लगा रहा और हजारों लोग रास्ते में फंस गए। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह फैसला लिया है।

स्कूलों को भी ऑनलाइन क्लास की सलाह
प्रशासन ने स्कूलों से भी 25 अगस्त को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की हिदायत दी है, ताकि बच्चों और अभिभावकों को बारिश के बीच यात्रा न करनी पड़े।
आगे बढ़ सकती है एडवाइजरी
फिलहाल यह एडवाइजरी केवल 25 अगस्त के लिए लागू है, लेकिन मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताए जाने के कारण इसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से आवश्यक होने पर ही घर से निकलने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।
