October 11, 2026
[t4b-ticker]

साप्ताहिक बाजार RNEX के लिए बना आफत! क्लासिक रेजिडेंसी के बाहर जाम और अतिक्रमण से बिगड़ी व्यवस्था

0
J1

राजनगर एक्सटेंशन में सड़क पर अतिक्रमण से बिगड़े हालात, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की राह भी हो सकती है मुश्किल

एओए ने पुलिस आयुक्त से लगाई कार्रवाई की गुहार

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की क्लासिक रेजिडेंसी के आसपास प्रत्येक गुरुवार और रविवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार अब स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बाजार लगते ही सड़क पर अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि सोसायटी के हजारों निवासियों का घर से निकलना और वापस लौटना तक मुश्किल हो जाता है।

क्लासिक रेजिडेंसी एओए ने इस मामले को अब केवल ट्रैफिक की समस्या न मानते हुए सीधे जनसुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया है। एओए अध्यक्ष देशमणि शर्मा ने उत्तर प्रदेश पुलिस के गाजियाबाद आयुक्त को पत्र भेजकर बाजार के दौरान होने वाले अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

जाम में फंसी एंबुलेंस तो कौन होगा जिम्मेदार ?

शिकायत में सबसे गंभीर सवाल आपातकालीन सेवाओं को लेकर है। बाजार के दौरान यदि मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण और वाहनों का दबाव बढ़ जाता है तो एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों के लिए निर्बाध रास्ता कैसे सुनिश्चित होगा ?

किसी मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने, आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में कुछ मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में सड़क पर अव्यवस्था महज असुविधा नहीं, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण बनने वाला जोखिम भी साबित हो सकती है।

एओए के मुताबिक वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को इन परिस्थितियों में सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।

बाजार की अनुमति, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी ?

साप्ताहिक बाजार स्थानीय लोगों की जरूरतों से जुड़ा हो सकता है, लेकिन इसके संचालन के दौरान सार्वजनिक सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो तो जिम्मेदारी तय होना भी जरूरी है। सवाल यह है कि क्या बाजार लगाने की व्यवस्था करते समय पर्याप्त पार्किंग, पैदल आवागमन और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ?

यदि सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है तो उस पर स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण को लेकर संबंधित विभागों की भूमिका भी स्पष्ट होनी चाहिए।

एओए ने मांगी जांच और प्रभावी कार्रवाई

देशमणि शर्मा, अध्यक्ष, क्लासिक रेजिडेंसी एओए

एओए अध्यक्ष देशमणि शर्मा ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक जांच कराने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। मांग है कि बाजार के दौरान सड़क पर अतिक्रमण नियंत्रित किया जाए, वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सोसायटी के निवासियों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए हर समय पर्याप्त रास्ता खुला रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!