स्कर्डी ग्रीन्स में चढ़ा लोकतंत्र का रंग!!
घर-घर दस्तक से अंतिम शक्ति प्रदर्शन तक चला प्रचार, अब रविवार को मतपेटी खोलेगी भरोसे का राज
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। न विधानसभा का चुनाव, न संसद का रण, फिर भी स्कर्डी ग्रीन में इन दिनों लोकतंत्र की वही धड़कन सुनाई दे रही है, जो किसी बड़े चुनाव में महसूस होती है। घर-घर पहुंचते प्रत्याशी, दरवाजों पर भरोसे की अपील, समर्थकों का उत्साह और प्रचार के अंतिम दिन शक्ति प्रदर्शन, एनएच-9 स्थित गोल्फलिंक्स टाउनशिप की यह सोसायटी रविवार को अपने नए नेतृत्व का फैसला करने जा रही है।

नई एओए कार्यकारिणी के लिए 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें टीम स्कर्डी यूनिटी के 10, टीम रेजिडेंट फर्स्ट के 5 तथा तीन और दो प्रत्याशी अलग-अलग टीमों से चुनाव लड़ रहे हैं। चेहरे अलग हैं, उम्मीदें अलग हैं और जीत की अपनी-अपनी कहानी है, लेकिन फैसला एक ही होगा, मतदाताओं की मुहर से।
दरवाजों तक पहुंचा चुनाव, मांगा भरोसा

चुनाव समिति द्वारा घोषित प्रचार कार्यक्रम के तहत प्रत्याशियों और समर्थकों ने घर-घर जनसंपर्क कर मतदाताओं से संवाद किया। अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं, सोसायटी के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए और समर्थन की अपील की।
प्रचार का अंतिम दिन आते-आते चुनावी रंग और गहरा हो गया। समर्थकों के समूह ने सोसायटी परिसर में शक्ति प्रदर्शन कर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया। फिर प्रचार थम गया।
मुकाबला मैदान में, रिश्ते दिल में

इस चुनाव की सबसे खूबसूरत तस्वीर शायद नतीजे आने के बाद भी याद रहेगी। प्रत्याशियों की बड़ी संख्या और अलग-अलग टीमों की प्रतिस्पर्धा के बावजूद आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम है। यहां पसंद अलग हो सकती है, समर्थन अलग हो सकता है और जीत की चाह भी अलग-अलग, लेकिन सोसायटी सबकी एक है।
मत अलग हैं, मन नहीं। मुकाबला है, मनभेद नहीं।
यही भावना स्कर्डी ग्रीन के इस चुनाव को महज एओए चुनाव से आगे ले जाकर एक स्वस्थ लोकतांत्रिक संस्कृति की तस्वीर बनाती है।
हैंडओवर की मिसाल, अब विरासत संभालने की चुनौती
स्कर्डी ग्रीन की कहानी का एक खूबसूरत पहलू यह भी है कि सोसायटी ने बिल्डर से वैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से हैंडओवर लेकर एक मिसाल पेश की है। यह उपलब्धि केवल दस्तावेजों और जिम्मेदारियों के हस्तांतरण तक सीमित नहीं, बल्कि निवासियों की सामूहिक इच्छाशक्ति और लोकतांत्रिक सोच की भी पहचान है।
अब नई एओए के सामने सिर्फ चुनाव जीतने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि उस विरासत को संभालने की जिम्मेदारी भी होगी, जिसे स्कर्डी ग्रीन के निवासियों ने लोकतांत्रिक तरीके से गढ़ा है। निवासियों के विश्वास को बनाए रखना, व्यवस्था को मजबूत करना और सोसायटी के हितों को सर्वोपरि रखना नई कार्यकारिणी की सबसे बड़ी कसौटी होगी।
रविवार को वोट लिखेगा अगला अध्याय

अब इंतजार रविवार का है। सुबह 9 बजे मतदान शुरू होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम को मतगणना शुरू कर दी जाएगी। चुनाव समिति द्वारा देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है।
फिर सामने आएगा वह नाम, वह टीम और वह नेतृत्व, जिस पर स्कर्डी ग्रीन के निवासियों ने अपना भरोसा जताया होगा।
लेकिन परिणाम से पहले ही इस चुनाव ने एक खूबसूरत संदेश लिख दिया है कि लोकतंत्र सिर्फ जीतने का नाम नहीं, अपनी पसंद चुनने और दूसरे की पसंद का सम्मान करने का नाम भी है। रविवार को स्कर्डी ग्रीन में सिर्फ वोट नहीं पड़ेंगे। एक-एक वोट उम्मीद को आवाज देगा, भरोसे को ताकत देगा और सोसायटी के आने वाले कल की कहानी लिखेगा।
