October 11, 2026
[t4b-ticker]

गुलमोहर एन्क्लेव में नगर निगम का कैंप, सिर्फ छह पालतू कुत्तों का पंजीकरण

0
GP

दर्जनों पालतू कुत्ते होने का दावा, आरडब्ल्यूए से मांगा गया पंजीकृत और अपंजीकृत कुत्तों का रिकॉर्ड

स्ट्रीट डॉग्स की भी हुई जांच

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में गुरुवार को नगर निगम के एनिमल वेलफेयर विभाग ने पालतू कुत्तों के पंजीकरण के लिए विशेष कैंप लगाया। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चले कैंप में छह पालतू कुत्तों का पंजीकरण हुआ। इनमें दो फीमेल और चार मेल कुत्ते शामिल रहे।

सुपरवाइजर गौरव कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने वैक्सीनेशन कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद पंजीकरण किया। बेला, बिस्की, टैफी, कोको, हीरो और टाई टाइसन का पंजीकरण हुआ। निवासी अनुज जैन ने भी अपने दो पालतू कुत्तों के दस्तावेज नगर निगम टीम को उपलब्ध कराए।

नगर निगम ने बताया कि सोसायटी में पालतू कुत्तों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। सुपरवाइजर ने आरडब्ल्यूए मैनेजर राहुल त्यागी को पंजीकृत और अपंजीकृत पालतू कुत्तों की सूची तैयार कर नगर निगम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कैंप के दौरान स्ट्रीट डॉग कैचर वाहन से सोसायटी के स्ट्रीट डॉग्स की भी जांच की गई। नगर निगम के अनुसार सभी स्ट्रीट डॉग्स स्टरलाइज्ड और वैक्सीनेटेड पाए गए, इसलिए किसी कुत्ते को नहीं ले जाया गया।

निवासी विशाल बिग, अरविंद सिंघल, दिनेश सिंह और प्रभात गर्ग ने कैंप के लिए नगर निगम का आभार जताते हुए पालतू कुत्तों के पंजीकरण, वैक्सीनेशन और सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुत्तों को घुमाते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं और लिफ्ट में अन्य निवासियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए।

आरडब्ल्यूए मैनेजर राहुल त्यागी ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से निवासियों से पालतू कुत्तों का पंजीकरण कराने की अपील की। नगर निगम कर्मचारी ने बताया कि पंजीकरण गाजियाबाद 311 के माध्यम से ऑनलाइन भी कराया जा सकता है। पंजीकरण नहीं कराने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

बताया गया कि मंगलवार की संभव जनसुनवाई में एक निवासी द्वारा पालतू कुत्तों के पंजीकरण की जानकारी मांगे जाने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सोसायटी में यह विशेष कैंप लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!