गांधी-शास्त्री जयंती पर गाजियाबाद पुलिस ने दोहराया सत्य, सादगी और राष्ट्रसेवा का संकल्प
पुलिस लाइन्स में आयोजित समारोह में पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने दोनों महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को पुलिस लाइन्स गाजियाबाद में आयोजित समारोह में दोनों महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को याद किया गया। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों विभूतियों को नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और सत्यनिष्ठा के मूल्यों का प्रतीक है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने सार्वजनिक जीवन की पहचान बनाया। दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों के प्रति ईमानदार रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा सीधे तौर पर समाज और आम नागरिकों से जुड़ी है। ऐसे में गांधी और शास्त्री के आदर्श पुलिसकर्मियों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। सत्यनिष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को कार्यशैली का हिस्सा बनाकर ही जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन्स में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल भेंट किए। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में श्रद्धांजलि के साथ-साथ उनके विचारों को व्यवहार में उतारने पर भी जोर दिया गया।
