October 11, 2026
[t4b-ticker]

देविका स्काइपर में अनधिकृत निर्माण-अतिक्रमण की शिकायत, AOA ने GDA वीसी से मांगा तत्काल निरीक्षण

0
FF

राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटी में कॉमन एरिया पर कब्जे और शाफ्ट-ओपन एरिया कवर करने की शिकायत

स्वीकृत नक्शे के विपरीत फ्लैटों में बदलाव का भी आरोप

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित देविका स्काइपर सोसाइटी में कथित अनधिकृत निर्माण और कॉमन एरिया में अतिक्रमण का मामला सामने आया है। सोसाइटी की एओए ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।

एओए की शिकायत के मुताबिक, सोसाइटी में कुछ निवासियों द्वारा कॉमन एरिया में कथित रूप से अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ फ्लैट मालिकों ने स्वीकृत नक्शे के विपरीत अपने फ्लैटों के अंदर बदलाव एवं निर्माण कर लिए हैं।

शाफ्ट और ओपन एरिया भी किए गए कवर!

शिकायत में एओए ने आरोप लगाया है कि कुछ निवासियों ने शाफ्ट एवं ओपन एरिया को कवर कर लिया है। इसके अलावा फ्लैटों के बाहर कथित तौर पर टिनशेड लगा दिए गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर कॉमन एरिया के इस्तेमाल और कब्जे की भी शिकायत की गई है।

एओए ने इन निर्माण कार्यों को लेकर भवन के स्ट्रक्चर और सुरक्षा पर भी चिंता जताई है। उसका कहना है कि स्वीकृत नक्शे से अलग किए गए निर्माण अथवा संरचनात्मक बदलाव भविष्य में भवन की सुरक्षा के लिए समस्या पैदा कर सकते हैं।

आग लगने पर बढ़ सकती हैं मुश्किलें

सोसाइटी में आग लगने की स्थिति में शाफ्ट, ओपन एरिया और निकासी मार्गों में किए गए कथित बदलाव मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। टिनशेड, ग्रिल या अन्य संरचनाओं से आपात स्थिति में निवासियों की सुरक्षित निकासी और राहत-बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका रहती है।

GDA से तत्काल स्थलीय निरीक्षण की मांग

मामले में एओए ने GDA उपाध्यक्ष से सोसाइटी का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही शिकायत में मौके पर निर्माण और अतिक्रमण की स्थिति की जांच कर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!