डीएम और नगर आयुक्त के नेतृत्व में हिंडन छठ घाट पर होगा आकर्षक लेजर शो!
भक्ति और तकनीक का संगम दिखेगा इस बार छठ पर्व पर
3D एनिमेशन और लेजर लाइट्स से सजेगा घाट
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। छठ पर्व को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार भी हिंडन छठ घाट पर श्रद्धालुओं को भक्ति और आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा। नगर निगम के सहयोग से घाट पर आकर्षक लेजर शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें लेज़र बीम, 3D एनीमेशन और ध्वनि संयोजन के माध्यम से छठ पर्व की महत्ता को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
डीएम और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉदड़ तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार को हिंडन छठ घाट का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश सहित नगर निगम की टीम उपस्थित रही।
प्रकाश व्यवस्था और सफाई पर विशेष ध्यान
नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष 70 से अधिक घाटों पर 700 अस्थायी लाइटें लगाने का कार्य पूरा कर लिया है। प्रकाश विभाग द्वारा विशेष रूप से हिंडन घाट को सजाने और रोशनी से जगमग करने की तैयारी की गई है।
इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग ने 750 सफाई मित्रों की तीन पारियों में ड्यूटी लगाई है, ताकि स्वच्छता व्यवस्था में कोई कमी न रहे। आवश्यकता को देखते हुए 20 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की गई है।
गंगाजल पहुंचेगा हिंडन घाट तक
श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए जलकल विभाग ने हिंडन नदी को और अधिक पवित्र बनाने के लिए गंगाजल पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली है। विभाग ने स्नान हेतु 100 अस्थायी स्टैंड पोस्ट लगाए हैं, साथ ही 25 चेंजिंग रूम और पेयजल टैंकरों की व्यवस्था भी की गई है।
सुरक्षा और निगरानी के सख्त इंतजाम
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चौकस रहने के निर्देश दिए हैं। हिंडन घाट पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। इसके लिए घाट पर 27 अस्थायी कैमरे लगाए जा रहे हैं। तीन पारियों में टीम निगरानी की जिम्मेदारी निभाएगी।
लेजर शो बनेगा आकर्षण का केंद्र 
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी हिंडन छठ घाट पर भव्य लेजर शो श्रद्धालुओं को रोमांचित करेगा। इसमें छठ पर्व से जुड़ी पौराणिक और सांस्कृतिक कहानियां 3D एनिमेशन और साउंड इफेक्ट्स के माध्यम से प्रस्तुत की जाएंगी। यह शो धार्मिक आस्था के साथ-साथ तकनीकी नवाचार का भी अद्भुत मिश्रण होगा।
नगर निगम पूरी तैयारी में जुटा
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में नगर निगम के सभी विभाग छठ पर्व की तैयारी में जुटे हैं। अब तक 70 से अधिक छठ घाटों पर तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। अधिकारियों द्वारा निरंतर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
