एनसीआर में ‘अपना घर’ का सुनहरा मौका: जीडीए लाया 77 आवासीय भूखंडों की योजना

0

राजनगर एक्सटेंशन के नूरनगर में 77 प्लॉट होंगे उपलब्ध

60 से 221 वर्ग मीटर तक के आकार में होंगे भूखंड 

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। एनसीआर में खुद का घर बनाने का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने एक नई आवासीय योजना की घोषणा की है, जिसके तहत राजनगर एक्सटेंशन स्थित नूरनगर क्षेत्र में लगभग 17,872 वर्ग मीटर भूमि पर 77 आवासीय भूखंडों का विकास किया जाएगा।

अतुल वत्स, उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि इस योजना के तहत 60 वर्ग मीटर से लेकर 221 वर्ग मीटर तक के भूखंड नियोजित किए गए हैं, जिससे हर वर्ग के लोगों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार विकल्प मिल सकेगा।

विकास कार्यों की तैयारी पूरी, अगले सप्ताह से शुरू होगा निर्माण

अतुल वत्स ने जानकारी दी कि योजना से जुड़े सभी विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। लगभग 305 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं का निर्माण अगले सप्ताह से शुरू किया जाएगा। इसके बाद लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण कार्य भी कराया जाएगा, जिससे योजना क्षेत्र को आधुनिक और सुसज्जित रूप मिल सके।

बेहतर कनेक्टिविटी और हरियाली से लैस होगी योजना

नूरनगर में प्रस्तावित यह योजना एलिवेटेड रोड के निकट स्थित है, जिससे शहर के प्रमुख इलाकों और दिल्ली से आवागमन बेहद सुगम रहेगा। योजना में चौड़ी सड़कों के साथ-साथ पार्क और ग्रीन एरिया भी प्रस्तावित किए गए हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन के साथ स्वस्थ आवासीय माहौल सुनिश्चित हो सके।

हर वर्ग के लिए अवसर

इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें छोटे और बड़े दोनों प्रकार के भूखंड शामिल किए गए हैं। इससे मध्यमवर्गीय परिवारों से लेकर उच्चवर्गीय खरीदारों तक सभी को अपने सपनों का घर बनाने का अवसर मिलेगा। प्राधिकरण का दावा है कि यह योजना पूरी तरह से सुनियोजित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत विकसित की जा रही है। कार्य पूरा होने के बाद यह क्षेत्र गाजियाबाद के सबसे आकर्षक और सुविधाजनक आवासीय ज़ोन में से एक के रूप में उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!