लौहपुरुष की जयंती पर अमित शाह का वार, कांग्रेस ने नहीं समझा अखंड भारत का भाव!

0

रन फॉर यूनिटी का आयोजन

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ करते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

NEWS1UP 

पॉलिटिकल डेस्क

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद सरदार पटेल को जिस सम्मान के वे हकदार थे, वह उस समय की कांग्रेस सरकार ने नहीं दिया। अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल को भारत रत्न देने में कांग्रेस ने 41 साल की देरी की।

सरदार पटेल को मिला देर से सम्मान

नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा-

“सरदार साहब को उस समय की कांग्रेस सरकार ने उचित सम्मान नहीं दिया। उन्हें भारत रत्न देने में 41 साल लग गए। वे किसानों के सच्चे हितैषी थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार साहब के अधूरे काम को पूरा किया है।”

अमित शाह ने इस मौके पर सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और किसानों के सशक्तीकरण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पटेल ने देश की एकता और सुरक्षा को सुदृढ़ किया और सहकारिता आंदोलन के माध्यम से किसानों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया।

562 रियासतों को जोड़ा, अखंड भारत की नींव रखी

गृहमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्र होने के बाद अंग्रेजों ने देश को 562 रियासतों में बांट दिया था, लेकिन सरदार पटेल ने अपने दृढ़ नेतृत्व और राजनीतिक कुशलता से इन सभी रियासतों को एक कर दिया।

“सरदार पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर अखंड भारत की रचना की। आज का दिन हम सबके लिए गर्व का दिन है। उनके सम्मान में देशभर में ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया जा रहा है,” शाह ने कहा।

अमित शाह का एक्स (X) पोस्ट

सरदार पटेल की जयंती पर अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा-

“राष्ट्रीय एकता, अखंडता और किसानों के सशक्तीकरण के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी को उनकी जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से वंदन करता हूँ। उन्होंने रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाया तथा किसानों, पिछड़ों और वंचितों को सहकारिता से जोड़कर देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया।”

देशभर में ‘एकता दौड़’ और श्रद्धांजलि कार्यक्रम

सरदार पटेल की जयंती को देश राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाता है। इस अवसर पर नई दिल्ली समेत देश के विभिन्न शहरों में ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ का आयोजन किया गया। लोग सरदार पटेल की मूर्तियों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!