गाजियाबाद में श्रद्धा और सेवा के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश उत्सव
नगर कीर्तन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा और लंगर प्रसाद वितरण
फ्री मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया
NEWS1UP
गाजियाबाद। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर आज पूरे गाजियाबाद में भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर गुरुद्वारा नंदग्राम से साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी साहिब को पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन के रूप में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया।

नगर कीर्तन का शुभारंभ नंदग्राम से हुआ जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों, शिवबनपुरा, मुकुंद नगर, हापुड़ रोड, गुरुद्वारा जगदीश नगर, पुराना बस अड्डा और लोहिया नगर से होता हुआ गुरुद्वारा कीर्ति सत्संग, लाल क्वार्टर में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग पर सिख संगत के साथ-साथ अन्य समाज के लोगों ने भी बड़ी श्रद्धा से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी का स्वागत किया। जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई और श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद का वितरण किया गया।
लोहिया नगर में नि:शुल्क मेडिकल चेकअप कैंप

प्रकाश उत्सव के उपलक्ष में पश्चिमांचल पावर ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा लोहिया नगर में एक फ्री मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में डॉ. मनप्रीत कौर ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क प्रदान कीं। यह सेवा भाव सिख धर्म की उस परंपरा को दर्शाता है जिसमें मानवता की सेवा को सर्वोपरि माना गया है।
भंडारे और सेवा का आयोजन
इसी अवसर पर गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव के निमित्त संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्री त्रिलोचन सिंह की अगुवाई में लंगर भंडारा का आयोजन किया गया। इस पवित्र सेवा में कुलदीप सिंह, सूरत सिंह, इकबाल सिंह, अमृतपाल सिंह, अमरीक सिंह, संगठन के महासचिव दिनेश चौधरी, उपाध्यक्ष राम नारायण शर्मा, सचिव जितेंद्र कुमार सिंह, पवन कुमार वर्मा, राजेश कुमार सहित अनेक सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं की सेवा में तन-मन-धन से योगदान दिया।
शहर में गूंजे “वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह” के नारे
नगर कीर्तन के दौरान शहर के कोने-कोने में “वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह” के जयकारे गूंजते रहे। पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों “नाम जपो, किरत करो और वंड छको” को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश उत्सव पर गाजियाबाद ने एक बार फिर प्रेम, सेवा और एकता का संदेश दिया। इस आयोजन ने न केवल सिख संगत बल्कि समस्त समाज में भाईचारे और मानवता की भावना को प्रबल किया।
