February 9, 2026

वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम की पीएम मोदी से मुलाकात : बोले प्रधानमंत्री “देश की बेटियों ने इतिहास रच दिया”!

0
1
0

हरमनप्रीत कौर ने दिया खास तोहफा

यह जीत नारी शक्ति की ताकत का प्रमाण है: पीएम

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। बुधवार का दिन भारतीय क्रिकेट इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया, जब हाल ही में वर्ल्ड कप जीतकर लौटी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। यह सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात नहीं थी, बल्कि उस ‘नये भारत’ की झलक थी, जो अपनी बेटियों की उपलब्धियों पर गर्व करता है। यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उस बदलते भारत की पहचान थी, जो अपनी बेटियों के जज्बे, साहस और उपलब्धियों को सलाम करता है।
भारत की यह वुमेन इन ब्लू अब सिर्फ क्रिकेट की नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के दिलों की चैंपियन बन चुकी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे स्नेह और गर्व के साथ टीम का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप खिताब जीतने के लिए बधाई दी और उनकी अदम्य जिजीविषा की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा,

“लगातार तीन हार के बाद जिस तरह टीम ने हिम्मत नहीं हारी और वापसी करते हुए वर्ल्ड चैंपियन बनी, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। यह जीत सिर्फ खेल की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नारी शक्ति की जीत है।”

 इस बार ट्रॉफी के साथ मिलना गर्व की बात

टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस अवसर पर एक खास याद साझा की। उन्होंने कहा,

“2017 में जब हम वर्ल्ड कप हारने के बाद प्रधानमंत्री से मिली थीं, तब हमने वादा किया था कि अगली बार ट्रॉफी लेकर आएंगे। आज जब हम वह वादा निभाते हुए ट्रॉफी के साथ उनसे मिले, तो दिल में एक अलग ही गर्व था। अब मन करता है, हम हर बार ट्रॉफी लेकर उनसे मिलने आएं।”

हरमन ने पीएम मोदी को एक खास तोहफा भी दिया, टीम इंडिया की नंबर 1 जर्सी, जिस पर प्रधानमंत्री का नाम और सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। यह प्रतीक था उस सामूहिक भावना का, जो इस टीम को एकजुट रखती है।

स्मृति मंधाना बोलीं: पीएम देश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं

टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री की बातें हमेशा टीम को प्रेरित करती हैं।

“मोदी ने कहा कि हर खिलाड़ी की कहानी एक नई प्रेरणा है। उन्होंने हमें याद दिलाया कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, चाहे खेल हो, सेना हो या विज्ञान। यह बदलाव प्रधानमंत्री के प्रोत्साहन और उनकी सोच का नतीजा है।”

 हरमन, वो फाइनल की गेंद अब भी पास है ?

चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए कप्तान हरमनप्रीत से पूछा कि क्या फाइनल मैच के बाद उन्होंने जो गेंद पॉकेट में डाली थी, वह अब भी उनके पास है। हरमन ने मुस्कराते हुए कहा कि हां, वह गेंद उनके लिए यादगार पल की निशानी है और वह हमेशा उसे अपने पास रखेंगी। पीएम मोदी ने कहा कि यह गेंद भारत के खेल इतिहास का प्रतीक बन चुकी है  “वो गेंद सिर्फ एक क्रिकेट बॉल नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के सपनों का प्रतीक है।”

 भारत ने पहली बार जीता वनडे वर्ल्ड कप

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। यह जीत न सिर्फ मैदान पर एक उपलब्धि थी, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी एक बड़ा कदम थी, क्योंकि यह उस दौर में आई है जब महिला खेलों को वैश्विक स्तर पर नया सम्मान मिल रहा है।

नारी शक्ति का प्रतीक बनी यह टीम

टीम इंडिया की यह जीत और प्रधानमंत्री से उनकी यह मुलाकात, भारत की नारी शक्ति के उस आत्मविश्वास की झलक है जो हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही है। हरमनप्रीत, स्मृति, दीप्ति, शैफाली, जेमिमा जैसी खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि अगर जज्बा हो तो कोई सपना दूर नहीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा,

“यह सिर्फ ट्रॉफी की जीत नहीं है, यह उस सोच की जीत है जो कहती है, ‘बेटियां किसी से कम नहीं।’ आप सबने भारत को गर्वित किया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह दिखाई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!