सुरेश के लिए आईं चिंता की रैना! ईडी को मिले अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म ‘1xBet’ को प्रोत्साहित करने के ठोस सबूत!!
अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ाव के आरोप में
रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ की संपत्ति जब्त

NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली/गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद का गौरव, देश का चहेता क्रिकेटर सुरेश रैना अब सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार मैदान पर चौके-छक्के लगाने के लिए नहीं, बल्कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की बड़ी कार्रवाई के कारण। जिस रैना को गाज़ियाबाद के नवोदित क्रिकेटर अपना आदर्श मानते हैं, वही अब 1xBet नामक अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म को प्रमोट करने के आरोपों के घेरे में आ गए हैं।

गुरुवार को ईडी ने रैना और उनके साथी क्रिकेटर शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रूपये की संपत्ति अटैच कर ली। सूत्रों के मुताबिक, रैना के 6.64 करोड़ रूपये के म्यूचुअल फंड निवेश और धवन की 4.5 करोड़ रूपये मूल्य की अचल संपत्ति को जब्त किया गया है। एजेंसी का आरोप है कि दोनों खिलाड़ियों ने “जानबूझकर” विदेशी संस्थाओं के साथ विज्ञापन करार किए और 1xBet जैसे गैरकानूनी प्लेटफॉर्म को बढ़ावा दिया।
गाज़ियाबाद के हीरो से जांच के घेरे तक!
सुरेश रैना का नाम गाज़ियाबाद के क्रिकेट इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। उनके बल्ले की चमक ने भारतीय टीम को अनगिनत मौकों पर गौरवान्वित किया है। स्थानीय मैदानों पर आज भी युवा खिलाड़ी “रैना जैसा बनने” का सपना देखते हैं। मगर अब जब उन पर ईडी की कार्रवाई हुई है, तो शहर के खेल प्रेमियों में हैरानी और निराशा दोनों हैं।
क्या है मामला ?
प्रवर्तन निदेशालय की जांच एक ऐसे नेटवर्क से जुड़ी है जो भारत में 1xBet और इससे संबंधित अन्य ऑनलाइन बेटिंग साइट्स का प्रचार करता था। यह प्लेटफॉर्म कुराकाओ में पंजीकृत है और खुद को “वैश्विक बुकमेकर” बताता है। ईडी का कहना है कि खिलाड़ियों ने विदेशी भुगतान लेकर इस अवैध प्लेटफॉर्म को प्रमोट किया, जिससे भारत के सट्टेबाजी कानूनों का उल्लंघन हुआ।
सेलेब्रिटीज़ की लंबी लिस्ट

ईडी केवल रैना और धवन तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसी ने इस मामले में युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हजरा जैसे कई सितारों से भी पूछताछ की है। सभी से उनके विज्ञापन सौदों और वित्तीय लेनदेन की जानकारी मांगी गई है।
सरकार का सख्त संदेश: अवैध गेमिंग पर अब “नो टॉलरेंस”
सरकार ने हाल ही में “ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन एंड रेगुलेशन) एक्ट, 2025” लागू किया है, जिसके तहत रियल-मनी गेमिंग और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध है। 2022 से जून 2025 के बीच केंद्र ने 1,500 से अधिक अवैध बेटिंग साइट्स को ब्लॉक किया है। अब सरकार और एजेंसियां इस नेटवर्क को पूरी तरह जड़ से खत्म करने के मिशन पर हैं।
सुरेश रैना जैसे खिलाड़ियों की लोकप्रियता का असर लाखों युवाओं पर पड़ता है। ऐसे में उन पर लगे आरोप केवल कानूनी नहीं, बल्कि छवि और प्रेरणा से जुड़े भी हैं। गाज़ियाबाद की गलियों में बच्चे आज भी “रैना सर” का नाम लेकर बल्लेबाज़ी की शुरुआत करते हैं, ऐसे में उन सभी का हैरान और निराश होना लाज़िमी है।
