यूपी में फिर गूंजी ‘ठांय-ठांय’, हापुड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर!
हिस्ट्रीशीटर हसीन पर दो दर्जन से ज्यादा केस
पांच जिलों की पुलिस थी तलाश में
NEWS1UP
देवेंद्र सिसोदिया
हापुड़। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस बार एनकाउंटर का मैदान बना हापुड़ जिला, जहां पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मार गिराया। यह वही यूपी है, जहां कानून व्यवस्था के सख्त रुख के चलते अक्सर “ठांय-ठांय” की गूंज सुनाई देती है। इस बार पुलिस की गोलियों का निशाना बना एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर हसीन उर्फ हसन, जो संभल जिले का रहने वाला था और उस पर हत्या के प्रयास, गोकशी और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन मामलों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे।
मुठभेड़ के दौरान हुई जोरदार फायरिंग
कपूरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति प्रतिबंधित पशुओं को गोकशी के इरादे से एक वाहन से दूसरे वाहन में ले जाने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध स्विफ्ट डिज़ायर कार को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही कार सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी विनोद पांडे बाल-बाल बच गए। थोड़ी देर चली गोलियों की इस बरसात में बदमाश हसीन पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल ढोलना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही हसीन की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, कारतूस और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
कुख्यात अपराधी था हसीन
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया बदमाश हसीन पुत्र इकरार, निवासी जनपद संभल, एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था। उस पर हापुड़, मुजफ्फरनगर, संभल, अमरोहा और गौतमबुद्धनगर जिलों में हत्या के प्रयास, गौवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी, जिसके चलते उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

हापुड़ पुलिस अधीक्षक के जी सिंह ने कहा कि-
अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि बदमाश हसीन की गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर थी और सूचना मिलते ही उसे घेरने की रणनीति तैयार की गई थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पूरी तरह सुरक्षित रही।
“ठांय-ठांय” मॉडल फिर चर्चा में
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का सख्त रवैया एक बार फिर चर्चा में है। हाल के वर्षों में प्रदेशभर में कई कुख्यात अपराधियों का इसी तरह पुलिस एनकाउंटर में अंत हुआ है। हापुड़ में हुआ यह ताज़ा एनकाउंटर एक बार फिर दिखाता है कि यूपी पुलिस अपराध पर नकेल कसने के अपने “ठांय-ठांय” मॉडल पर कायम है।
