दहल उठा दिल्ली!! NCR में हर आँख सजग!

0

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीषण धमाका

धमाके में 9 लोगों की मौत की पुष्टि

दिल्ली में हाई अलर्ट, नोएडा-गाजियाबाद में सख्त चेकिंग

NEWS1UP

संवाददाता

दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली रविवार शाम उस वक्त दहल उठी, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक भीषण धमाका हुआ। चंद सेकंडों में मंजर ऐसा बना कि पूरा इलाका आग, धुएँ और चीख़ों से भर गया। अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल एलएनजेपी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में ये माना जा रहा है कि धमाका एक इको वैन में हुआ था, जो पार्किंग एरिया में खड़ी थी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी तीन गाड़ियाँ भी आग की लपटों में घिर गईं। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके के तुरंत बाद “भयंकर धमाके की गूंज” पूरे इलाके में सुनाई दी और भगदड़ मच गई।

घटनास्थल पर एनआईए, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञ तैनात हैं। मौके से जले हुए वाहन के टुकड़े, विस्फोटक के अवशेष और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट जैसी सामग्री बरामद हुई है। इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया-

“विस्फोट की प्रकृति सामान्य नहीं थी। प्रारंभिक साक्ष्य संकेत देते हैं कि इसमें हाई इंटेंसिटी विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ है। सभी एंगल से जांच जारी है।”

धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नोएडा और गाजियाबाद पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। बॉर्डर सील कर दिए गए हैं, और हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की जा रही है। शहर के भीतर संवेदनशील ठिकानों, मॉल, मेट्रो स्टेशन, धार्मिक स्थलों और बाजारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

आज सुबह ही हरियाणा के फरीदाबाद के बड़ी माता क्षेत्र से आरडीएक्स और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद होने की जानकारी ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी थी। इसके बाद से दिल्ली, यूपी और गुजरात में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

खुफिया सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में मिली कुछ चेतावनियों को देखते हुए यह धमाका किसी संगठित आतंकी नेटवर्क की चेतावनी भी हो सकता है। एजेंसियाँ यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि क्या फरीदाबाद में मिला विस्फोटक और लाल किला धमाका एक ही मॉड्यूल से जुड़ा है।

फिलहाल देश की राजधानी और NCR में सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट मोड पर हैं। हर सड़क, हर बैरियर, हर चेकपोस्ट पर तैनात जवानों की आँखें अब और सजग हैं, क्योंकि दिल्ली दहल चुकी है, और NCR अब चौकन्ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!