कंगना रनौत पर फिर कानूनी शिकंजा: किसान आंदोलन पर टिप्पणी से भड़का विवाद, राष्ट्रद्रोह मामले में दोबारा शुरू हुई सुनवाई!
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
आगरा। बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा की एक स्थानीय अदालत में उनके खिलाफ दर्ज राष्ट्रद्रोह के मामले की सुनवाई दोबारा शुरू हो गई है। यह मामला किसानों और स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है, जिसके चलते अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने अदालत में याचिका दायर की थी।

राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट शर्मा ने बताया कि उन्होंने 11 सितंबर 2024 को यह याचिका दाखिल की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट साझा किया था, जिसमें किसान समुदाय का अपमान और महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
उन्होंने कहा कि अदालत की ओर से कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद न तो कंगना और न ही उनके प्रतिनिधियों की तरफ से कोई जवाब मिला। अदालत ने उन्हें जवाब देने का अवसर दिया था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर मामला 9 जनवरी 2025 को बंद कर दिया गया। हालांकि अब अधिवक्ता शर्मा की पुनर्विचार याचिका को स्वीकार कर लिया गया है और सुनवाई फिर से शुरू की गई है।
एडवोकेट शर्मा ने बताया, “मैंने अदालत में सभी आवश्यक दस्तावेज, सोशल मीडिया पोस्ट और साक्ष्य जमा किए थे। हमारा उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि किसान और स्वतंत्रता सेनानियों के अपमान की न्यायिक जांच निष्पक्ष तरीके से हो।”
सूत्रों के अनुसार, अदालत ने इस मामले को नए सिरे से सूचीबद्ध किया है और आने वाले कुछ हफ्तों में अगली सुनवाई की तारीख तय की जा सकती है।
गौरतलब है कि कंगना रनौत पहले भी अपने राजनीतिक बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर विवादों में रही हैं। चाहे किसानों के आंदोलन पर उनकी तीखी टिप्पणियाँ हों या स्वतंत्रता सेनानियों पर दिए गए बयान, कंगना के बयानों ने अक्सर जनमत और कानूनी बहसों को जन्म दिया है। इस बार मामला पुनः खुलने के साथ ही यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत में कंगना की ओर से क्या रुख अपनाया जाता है!
