February 11, 2026

नोएडा ब्लाइंड मर्डर: प्रेमी हुआ हत्यारा, सिर और हाथ बस से कुचले, धड़ नाले में फेंका!

0
0
0

सीसीटीवी की सूई में फंसा मर्डर का धागा!

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। सेक्टर-108 में मिली सिर और हाथ कटे हुए महिला की लाश के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने पूरे शहर को हिला दिया है। तीन दिनों तक चली हाई-टेक जांच के बाद पुलिस ने उस शख्स को पकड़ा जो मृतका का प्रेमी था, और अब कातिल के तौर पर जेल के पीछे है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने न सिर्फ महिला की बेरहमी से हत्या की, बल्कि पहचान छिपाने के लिए उसका सिर और हाथ बस से कुचलकर अलग कर दिए और फिर धड़ को नाले में फेंक दिया।

कैसे खुला राज़ ?

6 नवंबर की सुबह सेक्टर-108 के नाले में एक महिला का धड़ मिलने के बाद नोएडा पुलिस की 40 सदस्यीय टीमों ने जांच शुरू की। सिर और हाथ गायब होने की वजह से पहचान और मकसद दोनों पर सवाल थे। हज़ारों घंटों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, 55,000 से ज़्यादा वाहनों की लोकेशन ट्रैक की गई और अलग-अलग इलाकों से मिले सुरागों को जोड़कर पुलिस एक ऐसी बस तक पहुँची, जिसके नीचे शक के निशान मिले। बस चालक मोनू सोलंकी को हिरासत में लिया गया और पूछताछ में उसने वो सब कबूल कर लिया जिसे सुनकर अफसर भी सन्न रह गए।

प्रेम कहानी का अंत बना कत्ल

पुलिस के मुताबिक मृतका प्रीति और मोनू करीब ढाई साल से प्रेम संबंध में थे। प्रीति शादी का दबाव बना रही थी और उस पर उधार के करीब दो लाख रुपये लौटाने की मांग भी थी। 5 नवंबर की रात दोनों मोनू की बस में मिले। वहीं बहस इतनी बढ़ गई कि मोनू ने चाकू से हमला कर दिया। पहले हत्या की, फिर पहचान मिटाने के लिए सिर और हाथ काटकर अलग कर दिए।

इसके बाद उसने सिर और हाथों को बस के पहियों से कुचल दिया, धड़ को सेक्टर-108 के नाले में फेंक दिया, खून साफ करने की कोशिश की, बस को अलग रूट पर ले जाकर पार्क किया,लेकिन सीसीटीवी कैमरों की पकड़ से वह बच नहीं सका।

अब मैं ठीक से सो पा रहा हूँ: आरोपी का सनसनीखेज बयान

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने जो कहा, वह और भी भयावह था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मोनू का कहना था-

“मैं कई दिनों से तनाव में था… अब मैं सो पा रहा हूँ”

इस बयान ने पुलिस और जनता दोनों को हैरान कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।

 कौन थी प्रीति ?

मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली प्रीति पति से अलग रहकर नोएडा में दो बच्चों के साथ जीवन गुज़ार रही थी निजी नौकरी करती थी। मोनू से संबंध के चलते लंबे समय से तनाव में थी।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

  • हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद

  • बस से खून के नमूने मिले

  • आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

  • हत्या और सबूत नष्ट करने की धारा में मामला दर्ज

यह केस एक सवाल छोड़ गया है, प्रेम संबंधों में बढ़ते अविश्वास, आर्थिक दबाव और गुस्से का विस्फोट क्या हमारी लाइफ-स्टाइल की बड़ी चेतावनी नहीं ? पुलिस इसे प्रेम-विवाद में हुई ‘प्लांड हत्या’ मानकर आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!