February 11, 2026

AOA फंड में हेराफेरी का मामला उजागर, पूर्व कोषाध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज!

0
27
1

NEWS1UP

संवाददाता

गाज़ियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजीडेंसी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। सोसायटी के पदाधिकारियों ने पूर्व कोषाध्यक्ष शिवम सिंह पर सोसायटी के लगभग 18 लाख रुपये अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर गबन करने का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोसायटी निवासी एवं वर्तमान पदाधिकारी अनुराग आनंद द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2020 में शिवम सिंह को सोसायटी का कोषाध्यक्ष बनाया गया था। उन्हें सोसायटी के खाते में जमा रकम की निकासी तथा लेन-देन की सीमित जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन उन पर आरोप है कि उन्होंने बिना किसी कार्यादेश, मरम्मत बिल या मेंटेनेंस स्वीकृति के सुविधाओं के नाम पर निकाली गई राशि को अपने निजी बैंक खाते में डाल लिया।

शिकायत के अनुसार यह रकम चरणबद्ध तरीके से ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि रकम निकालने के बाद शिवम सिंह सोसायटी से संपर्क तोड़कर भाग गए। सोसायटी के डेटा तक उनकी पहुंच होने के कारण रिकॉर्ड की सत्यता पर भी सवाल उठे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते जाँच न हो, तो वित्तीय दस्तावेजों में गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

अनुराग आनंद के मुताबिक सोसायटी में सुविधाएं सुधारने के नाम पर निकाली गई राशि का कोई प्रमाण, स्वीकृत कार्य आदेश या बिल उपलब्ध नहीं है। इस आधार पर शिवम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

ACP उपासना पांडे  ने बताया कि प्रारंभिक तथ्यों की पुष्टि हो चुकी है, और अब बैंक स्टेटमेंट, ई-मेल रिकॉर्ड तथा सोसायटी के दस्तावेजों की मदद से आगे की जांच बढ़ाई जा रही है। 

सोसायटी पदाधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए न्याय सुनिश्चित करने के लिए वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे, ताकि भविष्य में ऐसी वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!