शादी में हर्ष फायरिंग का कहर: बारात में चली गोली ने मासूम को किया लहूलुहान!

0

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। जारचा कोतवाली क्षेत्र में हर्ष फायरिंग की पुरानी और खतरनाक परंपरा ने एक बार फिर मासूम की ज़िंदगी को संकट में डाल दिया। नगला चमरू गाँव में रविवार देर रात विवाह समारोह के दौरान चली एक गोली ने 10 वर्षीय कृष को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना न सिर्फ़ समाज की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है।

सेवानिवृत्त फौजी के नाम था हथियार, बेटा लेकर पहुंचा बारात में

जानकारी के अनुसार, जिस लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई गई, वह एक रिटायर्ड फ़ौजी के नाम दर्ज है, जबकि उसका बेटा हथियार लेकर बारात में पहुंचा था। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है। घटना के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और मौके से एक हथियार बरामद किया गया है।

हर्ष फायरिंग के बीच मासूम कृष को लगी गोली

 

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़ित सुनील प्रजापति की शिकायत के अनुसार, 30 नवंबर की रात नगला चमरू गांव में सतीश की बेटी की शादी में खैरपुर से बारात आई थी। बारात चढ़ के दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। उसी दौरान 10 साल का कृष गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, जांच तेज

घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी रिटायर्ड फौजी का बेटा अब भी फरार है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।

हर्ष फायरिंग पर फिर उठे सवाल

यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि शादियों में हर्ष फायरिंग न सिर्फ़ गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी। लाइसेंसी हथियारों को “दिखावे” के लिए इस्तेमाल करना सीधे-सीधे कानून और जीवन दोनों से खिलवाड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!