जनता की समस्या, सरकार की प्राथमिकता: CM योगी

NEWS1UP
संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने धैर्यपूर्वक सभी आवेदकों की बात सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन कार्यक्रम सुबह निर्धारित समय पर शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें, आवेदन और मांगें लेकर पहुँचे। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पीड़ितों की मदद में दिखाई संवेदनशीलता
जनता दर्शन में पहुँचने वाले कई वृद्धजन, महिलाएँ और दिव्यांगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि-
“हर व्यक्ति को न्याय मिले, यह हमारी सरकार की जिम्मेदारी है। किसी भी पीड़ित को परेशान न होना पड़े, त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए”
सीएम योगी ने कहा कि जनता दर्शन आम जनता और शासन-प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, और सरकार का लक्ष्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान देना है।
अधिकारियों को सख्त हिदायत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों, पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं, राजस्व विभाग एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कई मामलों पर मौके पर ही निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
