NEWS1UP
संवाददाता
सहारनपुर/गाजियाबाद। दिल्ली–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाट मंदिर के पास सोमवार को एक स्कॉर्पियो कार में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कार में मृत अवस्था में मिले युवक की पहचान गाजियाबाद निवासी मयूर शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
कार में युवक के मृत होने की जानकारी सिपाही ने दी
घटना का पता उस समय चला जब आशारोड़ी में तैनात सिपाही सागर राय ने स्कॉर्पियो कार में युवक को अचेत अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गाड़ी की जांच की और फोरेंसिक टीम को सबूत सौंपे।
मृतक की पहचान मोबाइल फोन से हुई
स्थानीय पुलिस के अनुसार, युवक के मोबाइल फोन के माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान मयूर शर्मा पुत्र वेद प्रकाश शर्मा, निवासी मीडोज विस्टा सोसायटी, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
हार्ट अटैक की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मयूर की मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
मसूरी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मयूर सोमवार दोपहर मसूरी से गाजियाबाद की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली–देहरादून हाईवे पर डाट मंदिर के पास उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी सड़क किनारे खड़ी मिली, जिसमें वे मृत पाए गए।
व्हाट्सऐप ग्रुप्स में वायरल हुआ वीडियो, इलाके में सदमे का माहौल
सोमवार दोपहर से ही गाजियाबाद और विशेष रूप से राजनगर एक्सटेंशन के व्हाट्सऐप ग्रुप्स में स्कॉर्पियो कार का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। जब वाहन नंबर से यह पता चला कि गाड़ी राजनगर एक्सटेंशन के निवासी के नाम रजिस्टर्ड है, तो क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग और परिचित इस घटना से सदमे में हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट किया जाएगा।