राजनगर एक्सटेंशन की संचार सोसाइटी में बारहवीं मंजिल से लिफ्ट धड़ाम से गिरी, युवक घायल, निवासियों में दहशत!
प्लेन क्रैश जैसा धमाका
लिफ्ट हादसे के बाद गुस्से में निवासी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की हमतुम रोड स्थित संचार सोसाइटी में आज सुबह बड़ा लिफ्ट हादसा हुआ। सुबह करीब 6 बजे 12वें फ्लोर पर रहने वाला एक युवक नीचे उतरने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ, लेकिन कुछ ही सेकंड में लिफ्ट तेज रफ्तार से पूरी तरह नीचे आ गिरी। गिरते ही इतना जोरदार धमाका हुआ कि बंद फ्लैटों में सो रहे लोगों की भी नींद टूट गई। सी-ब्लॉक सहित पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई।
निवासियों के मुताबिक धमाके की आवाज़ ऐसी थी मानो कोई प्लेन क्रैश हो गया हो। मौके पर दौड़कर पहुंचे लोग दंग रह गए, लिफ्ट में फंसा युवक बुरी तरह घबराया हुआ ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्ला रहा था। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवक के पैर में फ्रैक्चर आया है।
एओए पर गंभीर आरोप: न देखभाल, न सुनवाई, सब भगवान भरोसे!

सोसाइटी के करीब 198 परिवार लगातार एओए की लापरवाही को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि एओए न तो रखरखाव करती है, न शिकायतें सुनती है। निवासी कहते हैं कि लिफ्ट, सुरक्षा और बेसिक सुविधाओं तक को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।
डीएम की कमेटी भी नहीं रोक पा रही हादसे
हालिया दिनों में गाजियाबाद की कई सोसाइटीज़ में लिफ्ट हादसे बढ़े हैं। एओए के मनमाने रवैये और मेंटेनेंस की भारी खामियों को देखते हुए डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने विशेष टास्क कमेटी बनाई थी। कमेटी ने कई कड़े निर्देश भी जारी किए, लेकिन ज़मीनी हालात जस के तस हैं, हादसे और लापरवाही लगातार जारी हैं।
सबसे बड़ा कारण: डिप्टी रजिस्ट्रार की हीला-हवाली
शहर के रेजिडेंट्स का कहना है कि एओए पर कोई ठोस कार्रवाई न होने के पीछे डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय की धीमी, टाल-मटोल और हीला-हवाली वाली कार्यशैली जिम्मेदार है। लोगों का आरोप है कि समय पर जांच, कार्रवाई और निरीक्षण न होने से एओए बेलगाम हो चुकी है, और उसकी कीमत आम निवासी अपनी सुरक्षा से चुका रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
थाना मधुबन बापूधाम पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। फिलहाल सोसाइटी में दहशत का माहौल है और निवासी गुस्से में हैं।
