राजनगर एक्सटेंशन के धर्मेंद्र चौधरी ने किया जीवनदायी रक्तदान, बने महादानी
हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आने की अपील
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। समाज में मानवता और संवेदनशीलता आज भी जिंदा है, यह एक बार फिर साबित किया राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडीपी ग्रैंड सवाना सोसाइटी के निवासी धर्मेंद्र चौधरी ने। शुक्रवार को उन्हें जैसे ही यह सूचना मिली कि यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज को तुरंत रक्त की आवश्यकता है, वे बिना देर किए अस्पताल पहुँच गए और रक्तदान कर एक ज़िंदगी बचाने में अहम योगदान दिया।
धर्मेंद्र चौधरी के चेहरे पर रक्तदान के बाद संतोष और अपनत्व की झलक साफ दिखाई दे रही थी।
उनका कहना है कि–
“रक्त ऐसा अनमोल दान है जिसका कोई विकल्प नहीं है। किसी भी इंसान की जान सिर्फ इंसान के रक्त से ही बचाई जा सकती है। जब भी मुझे किसी जरूरतमंद के बारे में पता चलता है, मैं हमेशा तैयार रहता हूँ।”
धर्मेंद्र ने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि वे अब तक कितनी बार रक्तदान कर चुके हैं, इसका हिसाब उनके पास नहीं है। उनके लिए यह सिर्फ एक मानवीय कर्तव्य है, जिसे वे दिल से निभाते हैं।
राजनगर एक्सटेंशन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) में मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे धर्मेंद्र चौधरी लगातार समाज में जागरूकता फैलाने के प्रयास करते रहे हैं। वे कहते हैं, “रक्तदान न सिर्फ किसी की जान बचाता है बल्कि यह दान स्वयं दानकर्ता को भी अपार मानसिक संतुष्टि देता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को चाहिए कि जरूरत पड़ने पर आगे आए और रक्तदान कर मानवता के इस महादान में सहभागी बने।”
धर्मेंद्र चौधरी का यह कदम न केवल एक मरीज के लिए जीवनदायी साबित हुआ, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायक संदेश भी है।
