उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: गाजियाबाद के व्यापारी अशोक अग्रवाल समेत चार लोगों की मौत, टायर फटने से बेकाबू हुई फॉर्च्यूनर!
NEWS1UP
संवाददाता
उन्नाव/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र की हवाई पट्टी के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों में गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी सोसायटी के निवासी और मोदीनगर के प्रतिष्ठित व्यापारी अशोक अग्रवाल भी शामिल हैं। सभी लोग गाजियाबाद से लखनऊ की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान अशोक अग्रवाल (57) पुत्र संतोष अग्रवाल, आकाश अग्रवाल (35) वर्ष पुत्र विनोद अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल (20 ) वर्ष पुत्र सतीश अग्रवाल निवासीगण कस्बा व थाना मोदीनगर जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है।
100 की रफ्तार में फटा टायर, डिवाइडर से टकराई कार
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एयरबैग खुलने के बाद भी नहीं बच सके चारों लोग
दुर्घटना की गंभीरता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कार के सभी एयरबैग खुल गए, इसके बावजूद वाहन में सवार चारों लोगों की जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम
सूचना मिलते ही बांगरमऊ पुलिस, यूपीडा और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
गाजियाबाद और मोदीनगर में शोक की लहर
अशोक अग्रवाल की मौत की खबर मिलते ही राजनगर एक्सटेंशन, मोदीनगर और गाजियाबाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। व्यापारिक संगठनों और जान-पहचान वालों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल टायर फटना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, लेकिन वाहन की तकनीकी स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
