February 11, 2026

बुलंदशहर में देर रात गोलियों की गूंज: 50 हजार का इनामी लुटेरा आज़ाद एनकाउंटर में ढेर, साथी फरार!

0
0
0

NEWS1UP

संवाददाता

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में रविवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब कोतवाली देहात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच ज़बरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी लुटेरे आज़ाद उर्फ़ जुबैर उर्फ़ पीटर को मार गिराया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने जिले भर में कांबिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है।

चेकिंग के दौरान शुरू हुई गोलियों की जंग

पुलिस के अनुसार, मध्य रात्रि थाना कोतवाली देहात की पुलिस टीम स्याना रोड स्थित जसनावली के पास नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस बैरिकेड की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और बाइक मोड़कर फरार होने लगे।

आरटीसेट अलर्ट और घेराबंदी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली देहात पुलिस ने तत्काल आरटीसेट के जरिए जिले के अन्य थानों को सूचना दी। बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस टीम सेल्टन बंबा रोड तक पहुंची, जहाँ सामने से थाना गुलावठी की पुलिस फोर्स भी आ गई। दोनों ओर से घेराबंदी होते ही बदमाशों ने खुद को फंसा देख एक बार फिर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ इनामी बदमाश

पुलिस ने सेल्फ डिफेन्स में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने घायल बदमाश को मृत घोषित कर दिया।

मृत बदमाश की पहचान आज़ाद उर्फ़ जुबैर उर्फ़ पीटर (35 वर्ष) पुत्र मुन्नेखान उर्फ़ घसीटा, निवासी उमरगार्डन कॉलोनी, थाना श्यामनगर, लिसाड़ी गेट, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।  पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आज़ाद कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

मौके से अवैध हथियार बरामद

एनकाउंटर स्थल से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। बरामदगी के आधार पर पुलिस अब फरार बदमाश की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में तेजी से कार्रवाई कर रही है।

फरार बदमाश की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जिले की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!