“मैं भी दीपू हूं” दिल्ली की सड़कों पर गूंजा नारा!

0

बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ उग्र प्रदर्शन

सुरक्षा घेरा टूटा

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की नृशंस हत्या के विरोध में मंगलवार (आज) को राजधानी दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर हालात तनावपूर्ण हो गए। विश्व हिंदू परिषद (VHP) सहित कई हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उच्चायोग के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई।

सुरक्षा घेरा टूटा, पुलिस अलर्ट

सुबह से ही दिल्ली पुलिस ने उच्चायोग के बाहर दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर रखी थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा भेदने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। कुछ देर के लिए इलाका छावनी में तब्दील रहा।

‘मैं भी दीपू हूं’ नारों में गूंजा आक्रोश

प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर-पोस्टर थे, जिन पर “बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो” और “दीपू को न्याय दो” जैसे नारे लिखे थे। भीड़ में शामिल कई लोग भावुक नजर आए। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “मैं भी दीपू हूं, आप भी दीपू हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है।”

हत्या का आरोप और वायरल वीडियो

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बांग्लादेश में उस्मान हादी की हत्या के खिलाफ हो रहे विरोध के दौरान उग्र भीड़ ने दीपू चंद्र दास को पीट-पीटकर मार डाला, फिर शव को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और आग लगा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देश-विदेश में विरोध तेज हुआ। नेपाल में भी इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन दर्ज किए गए।

पुतला दहन, बढ़ा तनाव

प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस का पुतला भी जलाया गया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका।

कूटनीतिक हलचल

इधर, बांग्लादेश ने नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में अपने मिशनों के बाहर हुए प्रदर्शनों पर चिंता जताते हुए भारतीय हाई कमिश्नर को तलब किया है। ढाका ने मिशनों की सुरक्षा को लेकर औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!