साइबर क्राइम यूनिट का अलर्ट: बिना इंटरनेट, बिना ऐप… एक कोड और खाली हो सकता है बैंक अकाउंट!
USSD कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम पर साइबर क्राइम यूनिट का हाई अलर्ट
डिलीवरी एजेंट बनकर OTP और बैंक कॉल हाईजैक कर रहे ठग
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। देश में साइबर ठगी के नए और बेहद खतरनाक तरीके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। नेशनल साइबर क्राइम थेफ्ट एनालिसिस यूनिट (NCTAU) ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के तहत एक ताज़ा एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को USSD-आधारित कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम से सतर्क किया है। यह ठगी इसलिए ज्यादा खतरनाक मानी जा रही है क्योंकि इसमें न तो इंटरनेट की जरूरत होती है और न ही किसी ऐप को इंस्टॉल करने की।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर अपराधी अब डिलीवरी एजेंट या कूरियर बॉय बनकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं और उनके मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव कर बैंक कॉल, OTP और मैसेजिंग ऐप वेरिफिकेशन तक का पूरा कंट्रोल हासिल कर ले रहे हैं। नतीजा, कुछ ही मिनटों में बैंक खाते खाली।
क्या है USSD कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम
USSD (Unstructured Supplementary Service Data) कोड मोबाइल नेटवर्क के ऐसे कोड होते हैं जो बिना इंटरनेट के भी तुरंत काम कर जाते हैं। आमतौर पर इनका इस्तेमाल बैलेंस चेक करने या नेटवर्क सेवाओं के लिए किया जाता है। लेकिन अब इसी तकनीक का दुरुपयोग कर साइबर ठग सुरक्षा दीवारों को चकमा दे रहे हैं।
एडवाइजरी के अनुसार यह स्कैम पूरी तरह सोशल इंजीनियरिंग पर आधारित है, जिसमें यूजर्स की तकनीकी जानकारी की कमी का फायदा उठाया जाता है।

ऐसे रचते हैं ठग पूरा खेल
साइबर अपराधी फोन कर खुद को कूरियर या डिलीवरी एजेंट बताते हैं। कभी पार्सल कन्फर्म करने, तो कभी डिलीवरी रीशेड्यूल करने का बहाना बनाया जाता है। इसके बाद कॉल या SMS के जरिए पीड़ित से एक खास USSD कोड डायल करने को कहा जाता है, जो आमतौर पर *21* या *401* से शुरू होता है और एक ऐसे मोबाइल नंबर से जुड़ा होता है जो सीधे स्कैमर के कंट्रोल में रहता है।
जैसे ही यूजर वह कोड डायल करता है-
फोन की कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव हो जाती है
बैंक से आने वाली कॉल
OTP वेरिफिकेशन कॉल
WhatsApp या अन्य ऐप्स की वेरिफिकेशन कॉल
सब कुछ सीधे साइबर ठग के पास पहुंचने लगता है। इसके बाद बिना यूजर की जानकारी के ट्रांजेक्शन अप्रूव हो जाते हैं और अकाउंट पर पूरा कब्ज़ा कर लिया जाता है।
डराने और फंसाने के जुमले
एडवाइजरी में बताया गया है कि स्कैमर्स अक्सर कहते हैं-
आपका सिम आज ब्लॉक हो जाएगा
आपको इनाम या रिफंड मिला है
तुरंत यह कोड डायल करें, नहीं तो सर्विस बंद हो जाएगी
घबराहट में लोग बिना सोचे-समझे कोड डायल कर देते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं।
कैसे जांचें आपकी कॉल फॉरवर्ड तो नहीं हो रही
अगर आपको जरा भी शक हो, तो तुरंत ये USSD कोड डायल करें-
कॉल फॉरवर्डिंग स्टेटस चेक करने के लिए:
*#67# या *#21#
कॉल फॉरवर्डिंग पूरी तरह बंद करने के लिए:
##002#
यह कोड डायल करते ही आपके फोन से सभी तरह की कॉल फॉरवर्डिंग हट जाएगी।
सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
किसी के कहने पर कभी भी USSD कोड डायल न करें
अनजान कॉल्स पर सिम, बैंक या OTP से जुड़ी बातों पर भरोसा न करें
WhatsApp, बैंक और अन्य जरूरी ऐप्स पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन (2FA) जरूर ऑन रखें
सिर्फ SMS OTP पर निर्भर न रहें, पिन और बायोमेट्रिक सुरक्षा का इस्तेमाल करें
साइबर क्राइम यूनिट की अपील
साइबर क्राइम यूनिट ने साफ कहा है कि कोई भी सरकारी एजेंसी, बैंक या कूरियर कंपनी फोन पर USSD कोड डायल करने को नहीं कहती। अगर ऐसा कोई कॉल आए तो तुरंत उसे नजरअंदाज करें और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
सतर्क रहें, क्योंकि एक छोटा सा कोड आपके पूरे बैंक अकाउंट को खाली कर सकता है।
