ऑफिसर्स सिटी-1 में बदलाव की मुहर: एओए चुनाव में मतदाताओं ने ‘प्रगति’ को चुना!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर्स सिटी-1 में रविवार को हुए अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के चुनाव केवल पदों की अदला–बदली नहीं थे, बल्कि यह सोसाइटी के भीतर सोच और प्राथमिकताओं के बदलाव का स्पष्ट जनादेश बनकर उभरे। मतदाताओं ने परंपरागत प्रबंधन को नकारते हुए विकास, पारदर्शिता और सहभागिता के पक्ष में खुलकर मतदान किया।
इस चुनाव में ‘प्रगतिशील’ टीम ने 10 में से 9 पदों पर जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया कि अब रेजिडेंट्स केवल वादों से नहीं, बल्कि ठोस विज़न और जवाबदेही से प्रभावित होते हैं। वहीं लंबे समय से सत्ता में रही पुरानी एओए टीम ‘संकल्प’ को करारी पराजय का सामना करना पड़ा, जिसे कई लोग एंटी-इन्कम्बेंसी का परिणाम भी मान रहे हैं।

मतदान प्रतिशत ने दिया अहम संकेत
हालांकि कुल 1002 मतपत्रों में से 642 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया, लेकिन जानकारों का मानना है कि जो वोट पड़े, वे सोच-समझकर और उद्देश्यपूर्ण थे। सुबह मतदान को लेकर उत्साह चरम पर रहा, जिससे यह साफ हुआ कि निवासी अपने भविष्य को लेकर सजग हैं। बाद में मतदान की गति धीमी हुई, पर परिणामों ने यह जता दिया कि चुप मतदाता भी बदलाव के पक्ष में थे।
नेतृत्व में संतुलन और भरोसा
परिणामों में आशीष अवस्थी का पहला और कविता गुप्ता का दूसरा स्थान हासिल करना यह दर्शाता है कि मतदाताओं ने अनुभव और समावेशी नेतृत्व दोनों को बराबर तवज्जो दी। अन्य विजयी प्रत्याशियों अखिलेश माथुर, संदीप कुमार त्यागी, देवेश्वर त्यागी, अमित त्यागी, संतोष शर्मा, विवेक शर्मा और निशांत श्रीवास्तव को मिले भारी मत इस बात का संकेत हैं कि टीम के रूप में प्रस्तुत किया गया एजेंडा लोगों को पसंद आया।
शांतिपूर्ण चुनाव, मजबूत लोकतंत्र
चुनाव अधिकारी रिचा चौधरी की देखरेख में पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। यह पहलू अपने आप में महत्वपूर्ण है, क्योंकि सोसाइटी स्तर पर सफल लोकतांत्रिक प्रक्रिया शहर के नागरिक ढांचे को भी मजबूत करती है।
अब निगाहें वादों पर
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रगतिशील टीम अपने वादों, बेहतर रखरखाव, वित्तीय पारदर्शिता, सुरक्षा और सामुदायिक सहभागिता को ज़मीन पर उतार पाएगी? चुनाव परिणामों ने उन्हें मजबूत जनादेश दिया है, और उम्मीद की जा रही है कि यह जीत ऑफिसर्स सिटी-1 को एक मॉडल सोसाइटी की दिशा में ले जाएगी।
