12 बजे तक सोने वाले बबुआ को नहीं थी गरीबों की चिंता: सीएम योगी
सीएम योगी का विपक्ष पर हमला
19 लाख छात्रों को 944.55 करोड़ रुपए डीबीटी से ट्रांसफर
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “12 बजे तक सोकर उठने वाले बबुआ को गरीबों के बच्चों की पढ़ाई की चिंता कहां से होगी ? जो सूरज निकलने के बाद जागे, उसे सूर्योदय की बात भी फिजूल लगेगी।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश के 18,78,726 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 944.55 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति राशि डीबीटी के माध्यम से एक क्लिक में ट्रांसफर की। उन्होंने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

डीबीटी से खत्म हुआ भ्रष्टाचार
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में परिवारवाद, भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण छात्रवृत्ति योजनाएं गरीब छात्रों तक नहीं पहुंच पाती थीं। आज सरकार की साफ नीयत और स्पष्ट नीति के चलते डीबीटी से पैसा सीधे छात्रों के खातों में पहुंच रहा है, बिना किसी भेदभाव के।

शिक्षा और सामाजिक न्याय पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वंचित को वरीयता, पिछड़ों को प्राथमिकता” विजन के अनुरूप शिक्षा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। ई-गवर्नेंस को ईज़ी गवर्नेंस में बदला गया है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।
शिक्षा ढांचे में सुधार
उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय, अभ्युदय कोचिंग योजना, स्किल डेवलपमेंट और खेल अवसंरचना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा के हर स्तर पर काम कर रही है।
इस अवसर पर पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी और एससी/एसटी कमीशन के अध्यक्ष बैजनाथ रावत उपस्थित रहे।
