इंदिरापुरम विधायक कॉलोनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित विधायक कॉलोनी में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) द्वारा किया गया, जिसमें कॉलोनी के बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए।
इस अवसर पर अखिल भारतीय राजपूत समाज के अध्यक्ष के.पी. सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की।

कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द और नागरिक जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लेने का दिन है।
इस मौके पर अनुपम शुक्ला, आकाश श्रीवास्तव, मंजूषा शुक्ला, नंद किशोर सरदारे, राजू पांडेय, निशु प्रभात, मनोज सिंह और शील सुंदर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए RWA के प्रयासों को सफल बताया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।
