November 4, 2026
[t4b-ticker]

योगी की पदयात्रा को लेकर गाजियाबाद में ट्रैफिक का बड़ा फेरबदल, 5 नवंबर को सात प्रमुख रास्तों पर रहेंगी पाबंदियां!

0
योगी की पदयात्रा को लेकर गाजियाबाद में ट्रैफिक का बड़ा फेरबदल, 5 नवंबर को सात प्रमुख रास्तों पर रहेंगी पाबंदियां!

प्रतीकात्मक इमेज

सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा डायवर्जन

राजनगर एक्सटेंशन में ALT फ्लाईओवर से रोटरी गोल चक्कर तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 5 नवंबर को राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर गाजियाबाद यातायात पुलिस ने व्यापक यातायात प्रबंध किए हैं। कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के सात प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। इनमें कई मार्गों पर भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी, जबकि राजनगर एक्सटेंशन के एक प्रमुख मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक एडवाइजरी के अनुसार, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।

इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित

यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में भारी वाणिज्यिक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई है। इसके तहत डायमंड फ्लाईओवर रेड लाइट से हापुड़ चुंगी की ओर, हिंडन मेट्रो स्टेशन से रोटरी गोल चक्कर की ओर तथा करहेड़ा तिराहा से नागद्वार की ओर भारी कमर्शियल वाहन नहीं जा सकेंगे।

इसी तरह नागद्वार से रोटरी की ओर भारी वाणिज्यिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। करण गेट और लाजपत नगर की ओर से हिंडन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे गोल चक्कर की तरफ भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा दुहाई स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से गाजियाबाद की ओर भारी कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।

राजनगर एक्सटेंशन में सभी वाहनों पर रहेगी रोक

डायवर्जन प्लान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा राजनगर एक्सटेंशन से जुड़ा है। यहां ALT फ्लाईओवर से रोटरी गोल चक्कर और रोटरी गोल चक्कर से ALT फ्लाईओवर तक दोनों दिशाओं में सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह पाबंदी हल्के और भारी, दोनों प्रकार के वाहनों पर लागू होगी।

DCP ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि यातायात प्रतिबंध मुख्य रूप से भारी वाणिज्यिक वाहनों को ध्यान में रखकर लागू किया गया है। सामान्य परिस्थितियों में हल्के वाहनों को अधिक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। हालांकि, मुख्यमंत्री के VVIP मूवमेंट के दौरान सुरक्षा कारणों से संबंधित मार्ग पर प्रतिबंध पूरी तरह लागू किया जाएगा। इस दौरान हल्के वाहनों की आवाजाही भी रोकी जाएगी।

उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की कोशिश रहेगी कि कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को अनावश्यक असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

वाहन चालक पहले से तय कर लें अपना रास्ता

यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। खासकर राजनगर एक्सटेंशन की विभिन्न सोसायटियों में रहने वाले लोगों और इन मार्गों से रोजाना आवागमन करने वालों को सलाह दी गई है कि वे 5 नवंबर को अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। VVIP मूवमेंट के समय कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह रोका जा सकता है।

यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9643322904 जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed