UP: नेगेटिव बैलेंस पर भी 30 दिन तक नहीं कटेगा बिजली कनेक्शन !
यूपी में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर को लेकर चल रहे विवाद के बीच आम बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब 1 किलोवाट तक के घरेलू बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस नेगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक किलोवाट तक के उपभोक्ताओं का पूरा एक माह का बिलिंग चक्र पूरा होने से पहले किसी भी हालत में कनेक्शन न काटा जाए।
2 किलोवाट वालों को भी राहत
सरकार ने 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी आंशिक राहत दी है। ऐसे उपभोक्ताओं का 200 रुपये तक नेगेटिव बैलेंस होने पर भी बिजली कनेक्शन चालू रहेगा।
कनेक्शन काटने से पहले भेजे जाएंगे 5 मैसेज
सरकार ने यह भी तय किया है कि उपभोक्ताओं को समय रहते भुगतान का मौका देने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर 5 चेतावनी संदेश भेजे जाएंगे।
मैसेज इस क्रम में जाएंगे:-
बैलेंस का 30% शेष रहने पर पहला संदेश
10% शेष रहने पर दूसरा संदेश
बैलेंस खत्म होने पर तीसरा संदेश
नेगेटिव बैलेंस होने पर चौथा संदेश
कनेक्शन कटने से पहले अंतिम संदेश
गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था मजबूत करने का दावा
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य हुए हैं। अब तक करीब 30 लाख नए बिजली के खंभे लगाए जा चुके हैं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है।
स्मार्ट मीटर विवाद के बीच बड़ा फैसला
प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध और शिकायतों के बीच सरकार का यह फैसला लाखों उपभोक्ताओं को राहत देने वाला माना जा रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती और अचानक कनेक्शन बंद होने की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
