नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिली नई अंतरिम CEO, नीतू समरा संभालेंगी कमान
NEWS1UP
संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बड़ी खबर सामने आई है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने नीतू समरा को अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह अब तक एयरपोर्ट की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के पद पर कार्यरत थीं और अब उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह बदलाव ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के निर्देशों के बाद किया गया है। BCAS के अनुसार भारत में संचालित किसी भी एयरपोर्ट का CEO भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है।
अब तक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नेतृत्व स्विस नागरिक क्रिस्टोफ श्नेलमान कर रहे थे, जो अगस्त 2020 से CEO पद पर थे। अब उन्हें बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन की नई जिम्मेदारी दी गई है।
नीतू समरा अक्टूबर 2021 से एयरपोर्ट की CFO के रूप में कार्य कर रही थीं और वित्तीय मामलों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा स्थायी CEO के चयन तक वह अंतरिम CEO के रूप में एयरपोर्ट की कमान संभालेंगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश की सबसे महत्वाकांक्षी एविएशन परियोजनाओं में गिना जाता है। ऐसे में यह बदलाव एयरपोर्ट संचालन और भविष्य की योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
