दिनदहाड़े कैश वैन लूट से गाजियाबाद में हड़कंप !!
क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एटीएम के बाहर वारदात, वैन बरामद लेकिन कैश गायब, पुलिस की 8 टीमें तलाश में जुटीं
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई कैश वैन लूट की सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। बदमाश हथियारों के बल पर कैश वैन लेकर फरार हो गए, जिससे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब एक बजे दिल्ली की ए-वन संस्था की एक कैश वैन एटीएम में पैसे डालने के लिए पहुंची थी। जैसे ही संस्था के कर्मचारी एटीएम में कैश डालने के लिए अंदर गए, पहले से घात लगाए बदमाशों ने ड्राइवर को हथियार दिखाकर नीचे उतार दिया और वैन को कैश समेत लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में आठ टीमें गठित की गईं और जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गईं। सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए पुलिस ने थाना मसूरी क्षेत्र से लूटी गई वैन को बरामद कर लिया, लेकिन उसमें रखा कैश गायब मिला। इससे साफ है कि बदमाश कैश लेकर फरार हो चुके हैं।
वैन में कुल कितना कैश था और कितना कैश एटीएम में जमा किया जा चुका था, इसकी पुष्टि के लिए कंपनी से रिकॉर्ड मांगा गया है। पुलिस वैन के ड्राइवर और कर्मचारियों से गहन पूछताछ कर रही है, साथ ही पूरे इलाके में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश जारी है।
इस घटना ने पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा,
“घटना बेहद गंभीर है। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।”
