गुलमोहर एन्क्लेव में योगा क्लास को लेकर विवाद थमा, कम्युनिटी हॉल की अनुमति निरस्त
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव आरडब्ल्यूए में योगा क्लास के लिए कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल शांत हो गया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी ने हस्तक्षेप करते हुए किसी भी व्यक्ति या समूह को योगा गतिविधियों के लिए निशुल्क कम्युनिटी हॉल उपलब्ध न कराने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोसायटी की कुछ महिलाओं और स्थानीय निवासी गौरव बंसल ने अलग-अलग प्रार्थना पत्र देकर योगा क्लास संचालित करने के लिए कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने की मांग की थी। महिलाओं को योगा क्लास के लिए हॉल इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी गई थी, जबकि गौरव बंसल की ओर से आरोप लगाया गया कि उन्हें इस मामले में सोसायटी के सचिव और कोषाध्यक्ष द्वारा धमकी दी गई।
गौरव बंसल ने इस संबंध में डायल-112 के साथ-साथ जिलाधिकारी और कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत दी थी। मामले को लेकर सोसायटी में विवाद बढ़ने लगा था, जिसके बाद आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी ने दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्र निरस्त करने का फैसला लिया। साथ ही भविष्य में किसी को भी योगा गतिविधियों के लिए निशुल्क कम्युनिटी हॉल उपलब्ध न कराने की बात कही गई।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विजेंदर गिरी ने कहा,

“सोसायटी में रहने वाले सभी निवासी हमारे लिए समान हैं। सभी पर एक जैसे नियम लागू होते हैं और किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। आरडब्ल्यूए का उद्देश्य सोसायटी में सौहार्द और अनुशासन बनाए रखना है।”
अध्यक्ष के इस निर्णय के बाद सोसायटी में चल रहा विवाद फिलहाल शांत होता दिखाई दे रहा है। गौरव बंसल ने भी कहा कि वह आरडब्ल्यूए के फैसले का सम्मान करते हैं।
