नोएडा की IVY County सोसायटी में भीषण आग, कई फ्लैट प्रभावित होने की आशंका

0

हाइड्रोलिक क्रेन से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। शुक्रवार सुबह नोएडा के सेक्टर-75 स्थित प्रतिष्ठित IVY County सोसायटी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते घना धुआं और आग की लपटें आसपास के हिस्सों में फैलती नजर आईं।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऊंची इमारत से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

ऊपर के फ्लैटों तक आग पहुंचने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की तीव्रता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि 12वीं मंजिल पर लगी आग ऊपर स्थित फ्लैटों तक भी पहुंच गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एहतियात के तौर पर सोसायटी के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

हाइड्रोलिक क्रेन से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में स्थित IVY County सोसायटी की है। आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीमें हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। फायर कर्मी लगातार आग बुझाने और संभावित रूप से फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं।

फंसे लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग लगने के समय फ्लैटों में कितने लोग मौजूद थे। कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

आग लगने का कारण रहस्य

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट सहित विभिन्न संभावित कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच कराई जाएगी।

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद यह घटना एक बार फिर हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो नुकसान और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!