आरक्षण और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, सुधीर भाटी ने भाजपा सरकार को घेरा

0

ग्रेटर नोएडा में प्रेसवार्ता कर सपा नेताओं ने उठाए चुनावी पारदर्शिता और आरक्षण से जुड़े सवाल, भाजपा पर विपक्षी वोट प्रभावित करने का आरोप

NEWS1UP

पॉलिटिकल डेस्क

ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने दावा किया कि मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए चलाए गए विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के बावजूद जिले में बड़ी संख्या में फर्जी और डुप्लीकेट वोट मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार से अधिक तथा जेवर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार से अधिक संदिग्ध वोटों की पहचान हुई है।

सुधीर भाटी ने आरोप लगाया कि यदि मतदाता सूची को पूरी तरह दुरुस्त करने का दावा किया जा रहा है, तो इतनी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट और फर्जी वोटों का पाया जाना गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की लोकसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद भाजपा विधानसभा चुनावों में संभावित हार से घबराई हुई है और मतदाता सूची के माध्यम से विपक्षी वोटों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में पिछड़े वर्गों और दलितों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती तथा चिकित्सा अधिकारी भर्ती सहित विभिन्न चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित पदों पर कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों पर लगातार आघात किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण संबंधी अधिकारों के हनन से युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के छात्रों एवं अभ्यर्थियों में निराशा का माहौल है।

प्रेसवार्ता में फकीरचंद नागर, परमेंद्र भाटी एडवोकेट, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, विनोद लोहिया, डॉ. शशि यादव, अकबर खान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, दीपक देवटा, विकास जतन भाटी, सुनील भाटी बदौली, देवेंद्र टाइगर एडवोकेट, अमन नागर, लाल सिंह गौतम, विक्रम टाइगर, अनूप तिवारी, सीपी सोलंकी, देवेंद्र भाटी, विपिन कसाना, सुरेंद्र भाटी, अनिल नागर, अंजली श्रीवास्तव और भरत नागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!