गोविंदपुरम की बाबा मार्केट में भीषण आग, आधा दर्जन से अधिक दुकानें स्वाहा, लाखों का नुकसान

0

सभी दुकानदार दुकानें बंद कर घर जा चुके थे, देर से मिली सूचना के चलते बढ़ा नुकसान

दमकल की दर्जनभर गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब साढ़े 11 बजे लगी आग ने देखते ही देखते बाजार की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन दुकानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से लगभग सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

बताया जा रहा है कि आग लगने के समय सभी दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके घर जा चुके थे। इसी कारण आग की सूचना उन्हें काफी देर से मिल सकी। जब तक व्यापारी मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और कई दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। समय पर जानकारी न मिल पाने के कारण नुकसान का दायरा और बढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बाजार का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।

आग में सबसे अधिक नुकसान मोबाइल, परचून और मिठाई की दुकानों को हुआ है। श्री बालाजी कम्युनिकेशन के संचालक राहुल ने बताया कि उनकी मोबाइल शॉप पूरी तरह जल गई और दुकान में रखा कोई सामान नहीं बचा। उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। अन्य दुकानदारों ने भी भारी आर्थिक क्षति की बात कही है।

बाबा मार्केट के आसपास घनी आबादी होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। आग की लपटें रिहायशी मकानों तक पहुंचने का खतरा पैदा कर रही थीं, लेकिन दमकलकर्मियों ने समय रहते आग को आवासीय क्षेत्र में फैलने से रोक लिया। इससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!