[t4b-ticker]

नीरज की स्मृतियों को शब्दों का नमन, गाजियाबाद में सजेगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

0
GN

महाकवि गोपालदास ‘नीरज’ की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर देश के नामचीन कवि होंगे एक मंच पर

अजर नीरज, अमर नीरज‘ थीम पर होगा आयोजन

NEWS1UP

साहित्यिक डेस्क

गाजियाबाद। हिंदी कविता के अमर शिल्पी और गीतों के सम्राट महाकवि गोपालदास ‘नीरज’ की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर गाजियाबाद एक बार फिर साहित्य और काव्य रस की अनुपम छटा से सराबोर होगा। पत्रकार कल्याण समिति, दिल्ली एवं महाकवि गोपालदास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में ‘अजर नीरज, अमर नीरज’ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन 18 जुलाई को सायं 6 बजे से लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में किया जाएगा।

यह आयोजन केवल एक कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि हिंदी साहित्य के उस युगपुरुष को सामूहिक श्रद्धांजलि होगा, जिनकी रचनाएं आज भी करोड़ों साहित्य प्रेमियों के हृदय में जीवंत हैं।

देशभर के प्रतिष्ठित कवि एक मंच पर

पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिलब्ध कवि एवं साहित्यकार अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव, हास्य, ओज, व्यंग्य और संवेदना के विविध रंगों से रूबरू कराएंगे। मंच पर पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा (दिल्ली), विष्णु सक्सेना (अलीगढ़), संदीप अरोड़ा (लखनऊ), पवन कुमार (आईएएस, दिल्ली), डॉ. सीता सागर (गाजियाबाद), डॉ. कविता किरण (राजस्थान), प्रेम शैलेश गौतम (मुरादाबाद), महेश श्रीवास्तव (बस्ती), शशांक नीरज (आगरा) तथा कर्नल संजय चतुर्वेदी (बदायूं) अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।

नीरज के गीतों की विरासत को मिलेगा नया स्वर

आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य महाकवि नीरज की साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा हिंदी कविता के प्रति समाज में नई चेतना और रुचि का संचार करना है। सम्मेलन में नीरज जी की स्मृतियों को नमन करते हुए उनकी रचनाधर्मिता और हिंदी साहित्य में उनके अप्रतिम योगदान को भी याद किया जाएगा।

साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण

दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के जिलों के साहित्यकारों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और काव्य प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति की संभावना है। आयोजकों ने सभी साहित्य प्रेमियों से इस गरिमामय आयोजन में शामिल होकर हिंदी साहित्य के महान हस्ताक्षर को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!