गोल्फलिंक्स टाउनशिप में सजा खुशियों का मेला, ‘अथीवा समर कार्निवाल’ ने बांधा समां
सप्ताहभर खेल, संस्कृति और मनोरंजन की रही धूम, सैकड़ों कदम एक मंच पर आए, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
NEWS1UP
शिरीष निर्मल वशिष्ठ
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित गोल्फलिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसाइटी पिछले एक सप्ताह तक उत्सव के रंगों में सराबोर रही। सामाजिक संस्था अथीवा द्वारा आयोजित ‘अथीवा समर कार्निवाल’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, फैशन शो, शॉपिंग और लजीज व्यंजनों से सजे इस आयोजन ने पूरे परिसर को उत्साह, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के रंग में रंग दिया।

12 जुलाई से शुरू हुए इस बहुप्रतीक्षित कार्निवाल में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान टाउनशिप में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां प्रतियोगिताओं के साथ-साथ आपसी मेल-मिलाप और पारिवारिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर भी नजर आई।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार भूमेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अथीवा के चंद्रशेखर, अंजुली भटनागर, कमलेश सिंह, निवेदिता शर्मा, ध्रुव गर्ग, मनु ग्रोवर, रेखा चतुर्वेदी, शिप्रा ग्रोवर, राजेश शर्मा, लैंडक्राफ्ट एओए की अध्यक्ष दिव्या गर्ग, सचिव प्रभात राणा, पूर्व अध्यक्ष एस.के. भटनागर, अन्य एओए पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ नागरिकों ने भी दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को मंच देने और पड़ोस की संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं।

प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग, प्रतियोगिताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
कार्निवाल के दौरान ड्राइंग, बैडमिंटन, कैरम, टेबल टेनिस, गायन और पूल चैंपियंस सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेताओं के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सबसे कम उम्र में सबसे अधिक वजन उठाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले अथर्व सिंह तोमर को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल, फैशन शो बना आकर्षण का केंद्र
समापन समारोह में बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। महिलाओं और अन्य निवासियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नन्हे-मुन्ने बच्चों का फैशन शो पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

खरीदारी, स्वाद और मनोरंजन का मिला भरपूर आनंद
कार्निवाल में लगे फैंसी ज्वैलरी, रेडीमेड परिधान, हस्तशिल्प और अन्य आकर्षक स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। फूड कोर्ट में विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए देर शाम तक लोगों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं बच्चों के लिए लगाए गए झूलों और मनोरंजन गतिविधियों ने पूरे आयोजन में अलग ही रौनक बिखेरी।
अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अथीवा का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सहभागिता, सकारात्मक संवाद और मजबूत सामुदायिक संस्कृति को बढ़ावा देना है। निवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस उद्देश्य को सार्थक साबित किया।

