November 4, 2026
[t4b-ticker]

आर.के. गर्ग होंगे गाजियाबाद RWA फेडरेशन के नए चेयरमैन, प्रीतम लाल महासचिव निर्वाचित

0
FD

सभी 15 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए

चुनाव अधिकारी ने जारी की अंतिम सूची, एक-दो दिन में मिलेंगे निर्वाचन प्रमाण पत्र

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। करीब 16 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद गाजियाबाद आरडब्ल्यूए फेडरेशन को नियमित रूप से निर्वाचित कार्यकारिणी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। नामित चुनाव अधिकारी राधामोहन द्विवेदी (जीएसटी अधिकारी) ने सोमवार को वर्ष 2026 के चुनाव की अंतिम उम्मीदवार सूची जारी कर दी। चूंकि फेडरेशन के 15 पदों के लिए केवल 15 प्रत्याशियों ने ही नामांकन दाखिल किया था और नाम वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया, इसलिए सभी प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।

बिना मतदान बनी पूरी कार्यकारिणी

फेडरेशन के इतिहास में यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इस बार किसी भी पद पर मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। सभी पदों पर एक-एक वैध उम्मीदवार होने के कारण पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हो गई।

ये होंगे फेडरेशन के नए पदाधिकारी

निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी अंतिम सूची के अनुसार राज कुमार गर्ग चेयरमैन, देवव्रत चौधरी को-चेयरमैन, राजीव अग्रवाल वाइस चेयरमैन (सिटी जोन), के.एल. मल्होत्रा वाइस चेयरमैन (वसुंधरा), विनय गुप्ता जनरल सेक्रेटरी (ऑर्गेनाइजेशन), प्रीतम लाल जनरल सेक्रेटरी-ई, मुकेश मनोहर अग्रवाल चीफ कोऑर्डिनेटर, धर्मेंद्र खंडेलवाल पीआरओ, महेश चंद्र गौतम सेक्रेटरी-एफ, राज कुमार त्यागी सेक्रेटरी (कवि नगर जोन), जितेंद्र कुमार सिंघल सेक्रेटरी (सिटी जोन) तथा बी.सी. जोशी, वीरेंद्र पाल सिंह, कृष्णकांत शर्मा और आर.के. शर्मा कार्यकारिणी सदस्य चुने गए हैं।

एक-दो दिन में मिलेंगे निर्वाचन प्रमाण पत्र

चुनाव अधिकारी राधामोहन द्विवेदी के अनुसार सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को एक-दो दिनों के भीतर निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे, जिसके बाद नई कार्यकारिणी औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेगी।

नई कार्यकारिणी के गठन से गाजियाबाद की विभिन्न आरडब्ल्यूए के बीच बेहतर समन्वय, नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पैरवी और प्रशासन के साथ संवाद को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed