नोएडा में16वीं मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत, पति पर दहेज हत्या का आरोप
NEWS1UP
संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 16वीं मंजिल से गिरकर एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। कामिनी की शादी महज एक महीने पहले 11 जुलाई को मंथन धीमान से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे कामिनी सोसाइटी के लिली टावर स्थित फ्लैट नंबर 1602 से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कामिनी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शादी को एक महीना भी नहीं हुआ, मौत ने खड़े किए सवाल
कामिनी अपने पति मंथन के साथ किराये के फ्लैट में रह रही थी। मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है। बताया गया है कि दोनों की करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदली और दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। इसके बाद करीब एक महीने पहले परिजनों की सहमति से दोनों ने लव मैरिज की थी।
मायके वालों का गंभीर आरोप, दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित
घटना की सूचना मिलते ही कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे। परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति का दावा, मानसिक तनाव में थी कामिनी
पुलिस पूछताछ में पति मंथन ने दावा किया है कि कामिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस के अनुसार, कामिनी पहले बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हादसे और मायके वालों द्वारा लगाए गए दहेज हत्या के आरोप, सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह साफ हो सकेगी।
