लग्जुरिया एस्टेट में AOA चुनाव की जंग तेज, पेंट-सीपेज से बच्चों की सुरक्षा तक बने बड़े मुद्दे
23 अगस्त को होगा मतदान
टीम संकल्प और लक्जुरिया सेवियर्स के 10-10 प्रत्याशी आमने-सामने
चुनावी नियमों को लेकर भी उठे सवाल
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। एनएच-24 स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी की चर्चित सोसाइटी लग्जुरिया एस्टेट में एओए चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सोसाइटी में रह रहे 828 परिवारों के लिए 23 अगस्त को होने वाला यह चुनाव महज नई कार्यकारिणी चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आने वाले समय में सोसाइटी के रखरखाव, जवाबदेही और निवासियों के हितों की दिशा तय करने वाला चुनाव माना जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक सोसाइटी में होने वाला यह 6वां चुनाव है।
चुनावी मैदान में टीम संकल्प और लक्जुरिया सेवियर्स के दस-दस प्रत्याशी आमने-सामने हैं। टीम संकल्प की ओर से अजीत कुमार, अमित कुमार राणा, दिवाकर पांडेय, कमल गुरुरानी, मोनू त्यागी, नरेश कुमार चौहान, नितिन कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार (बैंस), राहुल कौशिक और रमन मित्तल चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं लक्जुरिया सेवियर्स की ओर से आकाश मिश्रा, अमित बालियान, दिवाकर निगम, मीना शर्मा, प्रदीप शर्मा, प्रयांशु साहू, रविश भटनागर, सचिन त्यागी, सौरभ त्यागी और उषा रानी मैदान में हैं।
पेंट और सीपेज बना सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा
इस चुनाव में सबसे प्रमुख मुद्दा सोसाइटी के पेंट और सीपेज वर्क का बनता दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि दोनों ही टीमों ने अपने-अपने चुनावी घोषणापत्र में इसे प्राथमिकता दी है। इससे साफ है कि भवनों की स्थिति, रखरखाव और उससे जुड़े खर्च को लेकर निवासियों की चिंता चुनाव के केंद्र में है।

टीम संकल्प ने पेंट और सीपेज के साथ-साथ एओए में जवाबदेही, निर्णय प्रक्रिया में सभी निवासियों की भागीदारी, पारदर्शिता, बेहतर जीवनशैली तथा क्लीन एंड ग्रीन एन्वायरमेंट को अपने प्रमुख वादों में शामिल किया है।

वहीं लक्जुरिया सेवियर्स ने भी पेंट और सीपेज वर्क को प्रमुख मुद्दा बनाया है। इसके साथ टीम ने बच्चों की सुरक्षा को अपने चुनावी एजेंडे में विशेष स्थान दिया है। ऐसे में चुनावी मुकाबला केवल विकास और रखरखाव के वादों तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि सोसाइटी की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सकती है।
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान
सोसाइटी की चुनाव समिति द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 23 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव परिणाम यह तय करेंगे कि अगले कार्यकाल में सोसाइटी की कमान किस टीम के हाथ में जाती है।
हालांकि, चुनावी प्रक्रिया के बीच नियमों और शर्तों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि चुनाव समिति द्वारा निर्धारित कुछ प्रावधान मॉडल बायलॉज के प्रावधानों से मेल नहीं खाते। ऐसे में अब चुनावी मुकाबले के साथ-साथ यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है कि क्या पूरी चुनाव प्रक्रिया लागू नियमों और मॉडल बायलॉज की भावना के अनुरूप संचालित की जा रही है।
मुद्दा सिर्फ चुनाव का नहीं, व्यवस्था का भी
लग्जुरिया एस्टेट का यह चुनाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि पेंट-सीपेज, सुरक्षा, पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्णय प्रक्रिया में निवासियों की भागीदारी जैसे मुद्दे सीधे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं। अब देखना यह होगा कि 23 अगस्त को मतदाता किस टीम के वादों पर भरोसा जताते हैं और नई एओए इन मुद्दों को केवल चुनावी घोषणाओं तक सीमित रखती है या उन्हें जमीन पर भी उतारती है।
फिलहाल लग्जुरिया एस्टेट में चुनावी मुकाबला दिलचस्प है और असली फैसला 23 अगस्त को मतपेटी से सामने आएगा।
