November 4, 2026
[t4b-ticker]

यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा: पेट्रोलिंग गाड़ी से टकराकर होंडा सिटी में लगी आग, युवक की मौत

0
0e2fd911-d666-49be-be7c-81b4ca231a8a

NEWS1UP

संवाददाता

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मांट टोल प्लाजा क्षेत्र के पास नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने पेट्रोलिंग गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई। हादसे में कार सवार एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली निवासी राघव और प्रतिभा होंडा सिटी कार DL 10 CH 2108 से नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे। मांट टोल प्लाजा क्षेत्र के नजदीक पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही पेट्रोलिंग गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तत्काल आग भड़क उठी।

कार में आग लगते ही यमुना एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं के बीच कार में सवार लोग फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान दिल्ली निवासी राघव की मौत हो गई। वहीं कार में सवार प्रतिभा की हालत गंभीर बताई जा रही है। पेट्रोलिंग गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मी अनिल और चालक प्रताप भी हादसे में घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद कुछ समय तक यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और कार अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण था, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed