November 4, 2026
[t4b-ticker]

पत्नी जिम गई, पीछे से घर में घुसा ट्रेनर! सोते हुए पति पर चाकू से छह वार!

0
FF

Ai image

वसुंधरा में शशांक पर जानलेवा हमले का नया खुलासा

पत्नी के जिम जाने और ट्रेनर से कथित नजदीकियों को लेकर विवाद की चर्चा, अब पुलिस जांच के घेरे में वारदात की पूरी कहानी

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। पत्नी सुबह जिम के लिए घर से निकली और कुछ ही देर बाद घर के बेडरूम में सो रहे पति पर चाकू से ताबड़तोड़ छह वार कर दिए गए। वसुंधरा सेक्टर-1 में सोमवार सुबह हुई इस सनसनीखेज वारदात में अब एक अहम कड़ी सामने आई है। शशांक कंथारिया पर जानलेवा हमला करने का आरोपी प्रताप सिंह उसी जिम का ट्रेनर बताया जा रहा है, जहां शशांक की पत्नी प्रिया शर्मा व्यायाम करने जाती थीं। जिम में हुई जान-पहचान, पति-पत्नी के बीच कथित विवाद और फिर घर में घुसकर किए गए हमले ने पूरे मामले को गंभीर और पेचीदा बना दिया है।

सवाल सिर्फ चाकू के छह वार का नहीं, बल्कि उस घटनाक्रम का भी है, जो हमले से पहले तैयार हुआ। क्या आरोपी को घर की दिनचर्या की जानकारी थी ? क्या वह पहले से हमले की योजना बनाकर आया था ? और क्या इस वारदात के पीछे कोई बड़ी साजिश थी ? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच से ही सामने आ सकेंगे।

जिम में पहचान से शुरू हुई कहानी, घर तक पहुंचा विवाद!

वसुंधरा सेक्टर-1 के मकान संख्या 580 में 35 वर्षीय शशांक कंथारिया अपनी पत्नी प्रिया शर्मा और तीन साल की बेटी के साथ रहते हैं। दोनों पति-पत्नी दिल्ली में नौकरी करते हैं। करीब चार साल पहले हुई शादी के बाद परिवार की जिंदगी सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से प्रिया के वसुंधरा स्थित ‘फिटनेस हेडक्वार्टर’ जिम जाने और वहां के ट्रेनर प्रताप सिंह से उनकी पहचान होने की बात सामने आई है।

आरोप है कि दोनों के बीच कथित नजदीकियों को लेकर शशांक और प्रिया के बीच विवाद चल रहा था। इसी पृष्ठभूमि में शशांक पर हमले की घटना सामने आई है। हालांकि, कथित नजदीकियों और हमले के बीच संबंध की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सुबह 5:15 बजे की वारदात, सोते हुए पति पर हमला

सोमवार सुबह करीब 5:15 बजे की घटना ने सुरक्षा और साजिश, दोनों से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि प्रिया रोज की तरह जिम जाने के लिए घर से निकली थीं। आरोप है कि इसके बाद प्रताप सिंह घर में दाखिल हुआ और बेडरूम में सो रहे शशांक पर चाकू से छह वार कर दिए।

अचानक हुए हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घायल शशांक को तत्काल यशोदा मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पत्नी भी हिरासत में, पुलिस तलाश रही हमले की वजह

मामले में पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर प्रताप सिंह के साथ शशांक की पत्नी प्रिया शर्मा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है। अब जांच का अहम बिंदु यह है कि हमला व्यक्तिगत विवाद का नतीजा था या इसके पीछे कोई पूर्व नियोजित साजिश थी।

पत्नी के घर से निकलने और उसके बाद हमले की घटना सामने आने के बीच की कड़ियों की जांच जरूरी है। क्या आरोपी को घर में शशांक के सोने की जानकारी थी ? वह घर में कैसे दाखिल हुआ ? क्या हमले से पहले कोई बातचीत या योजना बनी थी ? पुलिस को इन सवालों के जवाब जुटाने होंगे। 

सुरक्षा गार्डों की तत्परता से पकड़ा गया आरोपी

वारदात के बाद सोसायटी के सुरक्षा गार्डों और स्थानीय लोगों की भूमिका अहम रही। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिससे पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिली। इंदिरापुरम पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ आरोपी और महिला से पूछताछ शुरू की।

सहायक पुलिस आयुक्त, इंदिरापुरम, सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। परिवार की ओर से मिलने वाली शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed