यीडा बना निवेश का नया इंजन, हजारों करोड़ के निवेश से बदलेगी पश्चिमी यूपी की औद्योगिक तस्वीर
NEWS1UP May 23, 2026 0
प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं निवेशकः मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने यीडा के अंतर्गत 17 निवेशकों को प्रदान किए भूमि आवंटन पत्र

NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश अब केवल कृषि प्रधान राज्य की पहचान तक सीमित नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से देश के सबसे बड़े औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसका ताजा उदाहरण यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सामने आया है, जहां 17 बड़ी कंपनियों को आवंटन पत्र सौंपे गए हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 12 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की स्पष्ट प्रतिबद्धता दिखाई दे रही है। इससे न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
हरित ऊर्जा हब बनने की ओर बढ़ता यूपी
यीडा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश हरित ऊर्जा सेक्टर में देखने को मिला है। आरपी-संजीव गोयनका समूह की कंपनी सीईएससी ग्रीन पावर लिमिटेड 100 एकड़ भूमि पर 3 गीगावाट क्षमता की सोलर सेल एवं मॉड्यूल निर्माण इकाई स्थापित करेगी। लगभग 3805 करोड़ रुपये की इस परियोजना से करीब 5000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसी क्रम में इंटीग्रेटेड बैटरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भी 4 गीगावाट क्षमता की सोलर पीवी सेल निर्माण इकाई स्थापित करेगी। 1146 करोड़ रुपये के इस निवेश से प्रदेश की हरित ऊर्जा क्षमता को नई मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये परियोजनाएं समय पर पूरी होती हैं तो उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में देश का प्रमुख सोलर उपकरण निर्माण केंद्र बन सकता है।

आईटी और डाटा सेक्टर में भी बड़ी छलांग
यीडा अब केवल मैन्युफैक्चरिंग तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सेवाओं का नया केंद्र भी बनता दिखाई दे रहा है। आर्सेनल इन्फोसॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, वर्चुअल एंप्लॉयी प्राइवेट लिमिटेड और एमेड्यूस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां आईटी एवं आईटीईएस क्षेत्र में बड़े निवेश करने जा रही हैं। इन परियोजनाओं से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, जबकि कई कंपनियों ने 40 से 70 प्रतिशत तक स्थानीय भर्ती का लक्ष्य रखा है।
वहीं क्वार्क्स टेक्नोसॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जाने वाले डाटा प्रोसेसिंग सेंटर से डिजिटल सेवाओं और डाटा प्रबंधन क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का मजबूत आधार तैयार
मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और स्मार्ट तकनीक निर्माण के क्षेत्र में भी यीडा तेजी से उभरता नजर आ रहा है। समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड, एडवांस पैनल्स एंड स्विचगियर्स प्राइवेट लिमिटेड, वेगा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और अल्फा कम्युनिकेशन एलएलपी जैसी कंपनियां यहां उत्पादन इकाइयां स्थापित करेंगी।
इसके अलावा साइनाथ सेल्स एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड तथा एंजिलिटी इलेक्ट्रोटेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड भी इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में निवेश करेंगी। इन परियोजनाओं से प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा और “मेक इन यूपी” अभियान को नई ताकत मिलेगी।
रेलवे, गारमेंट और पैकेजिंग सेक्टर को भी बढ़ावा
रेलवे सिग्नलिंग उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में जेएमवी एलपीएस लिमिटेड का निवेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कंपनी की परियोजना से 400 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं गारमेंट सेक्टर में साहू इंटरनेशनल अटायर प्राइवेट लिमिटेड करीब 2000 रोजगार सृजित करेगी। यह परियोजना विशेष रूप से महिला रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसके अलावा ऋद्धि सिद्धि पेपर्स और एमएए पेट प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां एआई आधारित आधुनिक तकनीकों के जरिए पैकेजिंग उद्योग को नई दिशा देंगी।
स्मार्ट तकनीक और ऊर्जा प्रबंधन पर फोकस
एनडीएसबी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड स्मार्ट एनर्जी मीटर और डाटा एनालिसिस परियोजना स्थापित करेगी। इस परियोजना में स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार देने का प्रावधान रखा गया है।
स्थानीय युवाओं के लिए बड़ा अवसर
इन परियोजनाओं की सबसे खास बात यह है कि कई कंपनियों ने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने का वादा किया है। कुछ कंपनियों ने 70 प्रतिशत से लेकर 90 प्रतिशत तक स्थानीय भर्ती का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इससे ग्रेटर नोएडा, जेवर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के जिलों के युवाओं को सीधे तौर पर फायदा मिलने की संभावना है। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले वर्षों में यीडा क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर का सबसे बड़ा औद्योगिक और रोजगार केंद्र बन सकता है।
निवेश के जरिए बदलती यूपी की पहचान
एक समय निवेशकों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब तेजी से उद्योगपतियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था, तेज इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और उद्योग अनुकूल नीतियों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
यीडा क्षेत्र में हो रहा यह निवेश केवल औद्योगिक विस्तार नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की बदलती आर्थिक पहचान का संकेत भी है। यदि यही गति बनी रही तो आने वाले वर्षों में यूपी देश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर सकता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी व राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी के अलावा निवेशक उद्यमी भी उपस्थित रहे।
