अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को बम की धमकी, मुंबई के कई स्कूलों को भी मिले धमकी भरे ईमेल!
अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ बंगले को निशाना बनाने की चेतावनी
NEWS1UP
संवाददाता
मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और मशहूर पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाने की बात कही गई है। वहीं, दिलजीत दोसांझ पर भी हमले की धमकी दी गई है। मुंबई के कई स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की खबर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख-विरोधी दंगों का जिक्र
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख-विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए हमले को बदले की कार्रवाई बताया गया है। ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। हालांकि, ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दिलजीत दोसांझ को लेकर भी गंभीर धमकी
ईमेल में दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की वजह अमिताभ बच्चन के पैर छूने की घटना बताई गई है। धमकी में 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत पर बम और आत्मघाती हमले की बात कही गई है। ईमेल में इस्तेमाल की गई भाषा और लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
मुंबई पुलिस की जांच जारी, संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
मुंबई पुलिस के मुताबिक, बीएमसी कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था। मामले की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस ने जांच जारी रहने की बात कही है।
गौरतलब है कि हाल में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में गोलीबारी किए जाने की खबर के बाद फिल्म जगत की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। अब अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को मिली धमकी तथा स्कूलों को भेजे गए ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों की जांच पर नजरें टिकी हैं।
