हाथ में तिरंगा, निशाने पर कांग्रेस! लोकतंत्र के मुद्दे पर गाजियाबाद में योगी का बड़ा सियासी हमला!!
गाजियाबाद में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री का विपक्ष पर तीखा हमला, राहुल गांधी से लेकर ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं तक उठाए सवाल
राम मंदिर, भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भी कांग्रेस को घेरा

NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर देश में जारी राजनीतिक टकराव के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस कांग्रेस ने 1975 में देश पर आपातकाल थोपा था, उसका आज लोकतंत्र पर सवाल उठाना हास्यास्पद है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है।

राजनगर एक्सटेंशन में आयोजित इस राजनीतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाथ में तिरंगा लेकर पदयात्रा की और जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उनका पूरा संबोधन विपक्ष के लोकतंत्र संबंधी आरोपों का जवाब देने और केंद्र की मोदी सरकार तथा प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाने पर केंद्रित रहा।
आपातकाल की याद दिलाकर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस आज देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ा रही है, जबकि यही वह पार्टी है जिसने 1975 में आपातकाल लागू कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस दल का इतिहास आपातकाल से जुड़ा रहा हो, उसका आज लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना किस तरह उचित ठहराया जा सकता है ?
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुनावी प्रक्रिया, ईवीएम तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की साख को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर विपक्ष अपनी सफलता का श्रेय लेता है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनावी व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराने लगता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का नागरिक लोकतंत्र के प्रति जागरूक है और वह लोकतांत्रिक व्यवस्था में आने वाली बाधाओं का मुकाबला करना जानता है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक असफलताओं का ठीकरा संस्थाओं पर फोड़ने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी पर परीक्षा में बार-बार फेल होने का तंज
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने एक ऐसे विद्यार्थी का उदाहरण दिया, जो बार-बार परीक्षा में असफल होने के बावजूद अपनी गलतियां स्वीकार करने के बजाय हर बार नया बहाना बनाता है। कभी उत्तर पुस्तिका बदलने, कभी पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्न आने और कभी पेन की स्याही खत्म होने की बात कहता है।
योगी ने इस उदाहरण के जरिए कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार अपनी विफलताओं के लिए नए-नए कारण तलाशती है।
घोटालों और राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल का उल्लेख करते हुए कॉमनवेल्थ और कोयला आवंटन घोटालों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी देश को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की पहचान बदली है। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश की विकास यात्रा में बाधा पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

राम मंदिर और सपा के पुराने शासनकाल पर भी हमला
योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर मंदिर का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान रामलला को करीब 500 वर्षों तक तंबू में रहना पड़ा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दोनों दलों ने राम मंदिर के निर्माण का विरोध किया और रामभक्तों की भावनाओं की अनदेखी की।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उसके शासनकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और दंगों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में अराजकता और असुरक्षा का माहौल था।
केंद्र की योजनाओं और विकास कार्यों का ब्योरा दिया
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने गरीबों को मुफ्त राशन, जनधन बैंक खाते, शौचालय निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को मिले घरों का जिक्र किया।
उन्होंने गाजियाबाद में पूर्वांचल भवन और उत्तराखंड भवन के निर्माण को भी विकास कार्यों से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है। किसानों के संदर्भ में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने का उल्लेख किया और इसे किसानों के सम्मान से जोड़ा।
भाजपा नेताओं ने भी विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री से पहले पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और मुरादनगर के विधायक अजीतपाल त्यागी ने भी सभा को संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर राजनीतिक अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। नेताओं के भाषणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों, राम मंदिर और विपक्ष की राजनीतिक भूमिका के मुद्दे प्रमुख रहे।
पदयात्रा के साथ शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित
मुख्यमंत्री की पदयात्रा और जनसभा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। इसके चलते राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। पार्किंग स्थल भरने के बाद सड़क किनारे वाहनों की कतारें लग गईं। कई स्थानों पर लंबा जाम लगा और स्थानीय निवासियों तथा नौकरीपेशा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कार्यक्रम मार्ग के आसपास दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और पेट्रोल-सीएनजी पंपों का संचालन भी प्रभावित रहा। इस कारण स्थानीय कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा।
