गौर चौक पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत, 6-लेन अंडरपास का ट्रायल शुरू
700 मीटर लंबे अंडरपास से रोजाना 30 हजार वाहन सीधे निकल सकेंगे
नेफोमा ने योगी सरकार और प्राधिकरण CEO का जताया आभार
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। चार मूर्ति यानी गौर चौक पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे इंतजार और महीनों तक निर्माण कार्य, धूल तथा ट्रैफिक डायवर्जन की परेशानी झेलने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गुरुवार से 700 मीटर लंबे छह लेन के गौर सिटी अंडरपास का तीन दिवसीय ट्रायल रन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही नोएडा एक्सटेंशन के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल गौर चौक पर यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव की शुरुआत हो गई है।
करीब एक लाख वाहनों की रोजाना आवाजाही वाले इस चौराहे पर अंडरपास शुरू होने से लगभग 30 हजार वाहन सीधे निकल सकेंगे। इससे न केवल गौर चौक की रोटरी पर वाहनों का दबाव कम होगा, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और क्रॉसिंग्स रिपब्लिक के बीच आवागमन भी आसान होने की उम्मीद है।
दो साल तक झेली जाम और धूल की परेशानी
जुलाई 2024 में शुरू हुए इस अंडरपास के निर्माण के दौरान ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दर्जनों आवासीय सोसायटियों में रहने वाले पांच लाख से अधिक लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। निर्माण कार्य और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लगती थीं। स्थिति यह थी कि जाम का असर करीब 6.5 किलोमीटर दूर पार्थला फ्लाईओवर तक दिखाई देता था।
अब अंडरपास का ट्रायल शुरू होने से लंबे समय से राहत का इंतजार कर रहे स्थानीय निवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
गोलचक्कर के नीचे से गुजरेगा सीधा ट्रैफिक
ताज हाईवे के बराबर में बनाए गए इस छह लेन के अंडरपास की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके जरिए सीधे जाने वाले वाहनों को गौर चौक की रोटरी पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। वाहन गोलचक्कर के नीचे से गुजर सकेंगे। इससे चौराहे पर वाहनों के एक-दूसरे के रास्ते में आने और लंबी कतारें बनने की समस्या कम होगी।
प्राधिकरण ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चौराहे के नजदीक दो नए यू-टर्न भी शुरू किए हैं। इसके अलावा अंडरपास के समानांतर स्थित सर्विस रोड की री-सरफेसिंग कराई गई है, ताकि स्थानीय सोसायटियों से आने-जाने वाले वाहनों को भी सुगम रास्ता मिल सके।
चार मूर्ति की प्रतिमा भी दोबारा स्थापित
अंडरपास निर्माण के चलते हटाई गई चार मूर्ति की प्रतिष्ठित प्रतिमा को भी पिछले सप्ताह दोबारा रोटरी पर स्थापित कर दिया गया है। वहीं, अंडरपास की दीवारों को प्रकृति, हरियाली और भगवान गौतम बुद्ध के जीवन से संबंधित चित्रों और वॉल आर्ट से सजाया गया है।
नेफोमा ने योगी सरकार और प्राधिकरण CEO का जताया आभार

अंडरपास शुरू होने पर नेफोमा (NEFOMA) के अध्यक्ष अन्नू खान ने खुशी जाहिर करते हुए इसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए बड़ी राहत बताया।
उन्होंने कहा,
“गौर सिटी अंडरपास खुलने से वर्षों से जाम से जूझ रहे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए योगी सरकार और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि एनजी का नेफोमा टीम की ओर से आभार जताया।”
ट्रायल के बाद औपचारिक उद्घाटन पर फैसला
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, 5 से 8 नवंबर तक चलने वाले ट्रायल के दौरान वाहनों की आवाजाही, ट्रैफिक सिग्नल और यातायात संचालन की व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के बाद अंडरपास के औपचारिक उद्घाटन की तारीख घोषित की जाएगी।
