राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटी में आवारा कुत्तों का कहर, माँ और दो बच्चों पर पर जानलेवा हमला
3.5 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल, कान पर लगे 4-5 टांके
सुरक्षा व्यवस्था और डॉग कंट्रोल पर उठे सवाल
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की एक रिहायशी सोसाइटी में मंगलवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 3.5 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके कान पर गहरे जख्म आने के कारण 4-5 टांके लगाने पड़े, जबकि हाथ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। बच्ची का उपचार अस्पताल में चल रहा है और उसे रेबीज़ के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।
राजनगर रेजीडेंसी निवासी शुभम गुप्ता ने बताया कि उनके दोनों बच्चे एच-ब्लॉक स्थित एक स्कूल में पढ़ते हैं। गुरुवार को तेज बारिश होने के कारण उनकी पत्नी दोनों बच्चों को बेसमेंट के रास्ते घर लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान चार आवारा कुत्तों ने अचानक उन्हें घेर लिया और हमला बोल दिया।

शुभम के अनुसार, पत्नी जब दो वर्षीय बेटे को बचाने की कोशिश कर रही थीं, तभी कुत्तों ने 3.5 वर्षीय बेटी का स्कूल बैग खींच लिया। बच्ची सड़क पर गिर गई और कुत्तों ने उसके कान पर काट लिया। हाथ पर भी गहरे घाव आए। महिला काफी देर तक मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन मौके पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।
गाड़ी पार्क कर रहे रेजिडेंटस ने बचाई जान, गार्ड रहा नदारद
घटना के दौरान संयोगवश अपनी गाड़ी पार्क कर रहे कुछ लोगों ने महिला की चीखें सुनीं और तुरंत मौके पर पहुंचकर कुत्तों को भगाया। यदि समय रहते स्थानीय लोग मदद के लिए नहीं आते, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
घायल बच्ची को तत्काल शिवम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके कान पर 4-5 टांके लगाए। चिकित्सकों ने रेबीज़ से बचाव के लिए वैक्सीन का कोर्स भी शुरू कर दिया है।
सीसीटीवी भी नहीं आया काम, कैमरे की पहुंच से बाहर था घटनास्थल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना मेंटेनेंस टीम को दी गई, लेकिन जिस स्थान पर हमला हुआ वहां सीसीटीवी कैमरे की कवरेज ही नहीं थी। ऐसे में पूरी घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी।
राजनगर एक्सटेंशन में लगातार बढ़ रहे हमले, कार्रवाई का इंतजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनगर एक्सटेंशन में आवारा कुत्तों के झुंड लंबे समय से दहशत का कारण बने हुए हैं। पहले भी कई सोसाइटी में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमले हो चुके हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई स्थायी और प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया।
फेडरेशन और सोसाइटीवासियों का अल्टीमेटम
घटना के बाद राजनगर एक्सटेंशन की विभिन्न सोसाइटी और फेडरेशन ने प्रशासन से पूरे क्षेत्र में विशेष डॉग-कंट्रोल अभियान चलाने, आवारा कुत्तों को पकड़ने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने और सीसीटीवी कवरेज सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।
